मटन मार्केट आवारा कुत्तों के हवाले, नगर परिषद की आंखों पर पट्टी
नागरिकों के स्वास्थ्य से खुला खिलवाड़
घुग्घुस | प्रतिनिधि
शहर के साप्ताहिक बाजार में स्थित मटन मार्केट इस समय पूरी तरह अव्यवस्था और गंदगी का अड्डा बन चुका है। नगर परिषद की घोर लापरवाही के चलते यहां आवारा कुत्तों का खुलेआम आतंक देखने को मिल रहा है, जो सीधे-सीधे नागरिकों की सेहत के लिए खतरा बन चुका है।
मटन और चिकन खरीदने आने वाले ग्राहकों की आंखों के सामने ही आवारा कुत्ते कसाइयों की दुकानों के टेबलों पर आराम फरमाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि संबंधित कसाई इस गंभीर स्थिति को जानबूझकर नजरअंदाज कर रहे हैं, मानो स्वच्छता और स्वास्थ्य से उनका कोई लेना-देना ही न हो।
ग्राहकों के लिए बनाए गए चबूतरों पर कुत्तों की बेरोकटोक आवाजाही जारी है। बकरियों के कटने से निकला कचरा, खून, अवशेष और अन्य गंदगी पूरे परिसर में बेतरतीब फैलाई जा रही है, जिससे आसपास का वातावरण दुर्गंध और संक्रमण का केंद्र बन गया है।
इस हालात में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि यह पूरी गड़बड़ी कसाइयों और नगर परिषद प्रशासन की आंखों के सामने हो रही है, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की इस चुप्पी से नागरिकों में भारी आक्रोश है और हालात ऐसे ही बने रहे तो कानून-व्यवस्था का सवाल भी खड़ा हो सकता है।
शहरवासियों की ओर से मांग की जा रही है कि मटन मार्केट में तत्काल विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए, आवारा खुंखार कुत्तों का बंदोबस्त किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले कसाइयों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि नगर परिषद इस गंभीर मामले में कब तक आंखें मूंदे रहती है, या फिर नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाती है।