घुग्घुस “गण गण गणात बोते…” के जयघोष से घुग्घुस नगरी गूंज उठी है। श्री गजानन महाराज देवस्थान, घुग्घुस की ओर से श्री गजानन महाराज प्रकट दिन महोत्सव पूरे श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य रूप में मनाया जा रहा है। हर गली, हर चौक और हर मन में केवल गजानन महाराज की भक्ति दिखाई दे रही है।
रविवार, दिनांक 08 फरवरी 2026 को सुबह 9.00 बजे अभिषेक एवं घटस्थापना के साथ इस पावन महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। दोपहर 2.00 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें ढोल-ताशों की गूंज, भजन-कीर्तन और “गण गण गणात बोते” के जयघोष से पूरा नगर भक्तिरस में डूब जाएगा।
सोमवार, दिनांक 09 फरवरी 2026 को प्रातः होम-हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न होगी, जहां भक्त अपनी मनोकामनाओं की आहुति अग्नि को समर्पित करेंगे। सायंकाल 6.00 बजे धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से संतवाणी और भक्ति संगीत से वातावरण और अधिक पवित्र होगा। मंगलवार, दिनांक 10 फरवरी 2026 को दोपहर 4.00 बजे गोपाल काला कीर्तन का आयोजन किया गया है, जहां भक्त भावविभोर होकर महाराज की लीलाओं का रसपान करेंगे। इसके पश्चात सायंकाल 6.00 बजे महाप्रसाद वितरण होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दूर-दराज़ से हजारों भक्त घुग्घुस पहुंचकर श्री गजानन महाराज के चरणों में शीश नवाएंगे। काला और महाप्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है। पूरा नगर इन दिनों भक्ति, सेवा और समर्पण के रंग में रंगा हुआ है।
श्री गजानन महाराज देवस्थान, घुग्घुस की ओर से समस्त श्रद्धालुओं से विनम्र अपील की गई है कि वे इस पावन प्रकट दिन महोत्सव में सहभागी बनें और श्री गजानन महाराज की कृपा का लाभ प्राप्त करें। गण गण गणात बोते… श्री गजानन महाराज की जय! 🙏🌼