रिकॉर्ड का शातिर “शूटर” गिरफ्तार: रामनगर क्षेत्र की 3 घरफोड़ियों का पर्दाफाश,
21 लाख से अधिक का माल जब्त
स्थानीय अपराध शाखा, चंद्रपुर की बड़ी कार्रवाई दो आरोपी पुलिस हिरासत में
चंद्रपुर : शहर में लगातार हो रही घरफोड़ियों के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्थानीय अपराध शाखा, चंद्रपुर ने रिकॉर्ड पर दर्ज आरोपी सरफरोज उर्फ “शूटर” को गिरफ्तार कर रामनगर थाना क्षेत्र में हुई तीन घरफोड़ियों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹21,19,000 मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। दिनांक 14 फरवरी 2026 को चंद्रपुर पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार शहर में प्रोविजन, जुआ रेड, मोटरसाइकिल चोरी एवं घरफोड़ियों में शामिल आरोपियों की तलाश हेतु विशेष पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि मो. सरफरोज सगीर शाह (25), निवासी आमटे लेआउट, रयतवारी कॉलरी, चंद्रपुर ने रामनगर थाना क्षेत्र के इंदिरानगर इलाके में घरफोड़ियां की हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया: मोहम्मद सरफरोज सगीर शाह (25), निवासी आमटे लेआउट, रयतवारी कॉलरी, चंद्रपुर सद्दाम मुस्ताक शेख (30), निवासी बैंक ऑफ इंडिया के पीछे, घुग्घुस, जिला चंद्रपुर कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने रामनगर थाना क्षेत्र के इंदिरानगर, कृष्णानगर और शामनगर इलाकों में तीन अलग-अलग स्थानों पर घरफोड़ियां करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण समेत कुल ₹21,19,000 का माल जब्त कर तीनों मामलों का खुलासा किया। दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए रामनगर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन में तथा पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में स्थानीय अपराध शाखा और साइबर टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस का कहना है कि शहर में सक्रिय रिकॉर्डेड अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।