कोरपना तहसील में वनोजा घाट पर रेत माफिया का तांडव!

9

कोरपना तहसील में वनोजा घाट पर रेत माफिया का तांडव!



रात नदी घाट मे 7–8 ट्रैक्टरों की खुलेआम दौड़,


वनोजा–पैनगंगा घाट पर राजस्व और पुलिस तंत्र की बड़ी नाकामी


चंद्रपुर: जिले मे कोरपना तहसील के वनोजा–पैनगंगा रेत घाट पर आधी रात से लेकर तड़के सुबह तक महीने से अवैध रेत खनन का खेल बेखौफ तरीके से जारी है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजस्व विभाग और कोरपना पुलिस निरीक्षक की कथित ढिलाई के कारण रेत माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, नदी के पात्र में सीधे जेसीबी उतारकर अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। इतना ही नहीं, गांव के बाहरी हिस्से से खेतों के बीच नया कच्चा रास्ता बनाकर ट्रैक्टरों से रेत की ढुलाई की जा रही है। एक नाले के पास बड़े पैमाने पर रेत का भंडारण किया गया है, जहां से 4 से 5 हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर के हिसाब से खुलेआम बिक्री हो रही है।

प्रतिदिन 7 से 8 ट्रैक्टरों का तांडव जारी है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। आरोप है कि तहसीलदार की अनदेखी और कुछ पुलिस विभाग संरक्षण के कारण माफियाओं का मनोबल और बढ़ गया है। नदी में आवागमन बाधित न हो, इसके लिए अवैध रूप से अस्थायी रास्ते (तटबंध) डालकर रेत निकासी को और तेज कर दिया गया है।

राजस्व विभाग के मंडल अधिकारी, तलाठी और कोतवाल की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमों को दरकिनार कर जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं, जिससे रेत माफिया खुलेआम सरकारी राजस्व को चूना लगा रहे हैं।

इस अवैध खनन से सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। साथ ही पर्यावरण को भारी क्षति पहुंच रही है और किसानों की जमीनों को भी खतरा पैदा हो गया है। बावजूद इसके, जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय नागरिकों और किसान भाइयों ने मांग की है कि:
रेत घाट के सभी अवैध मार्गों को तत्काल बड़े गड्ढे खोदकर बंद किया जाए।
अवैध खनन में शामिल लोगों और संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
रात के समय विशेष जांच अभियान चलाकर ट्रैक्टरों को जब्त किया जाए।

अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन अब भी जागेगा, या रेत माफिया की दहशत के आगे शासन-प्रशासन घुटने टेकता रहेगा?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here