50 लाख 20 हजार रुपये का माल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार
चंद्रपुर जिले के गोंडपिंपरी में पुलिस ने गोवंश तस्करों के खिलाफ बड़ी और सटीक कार्रवाई करते हुए अवैध पशु तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने 5 पिकअप वाहनों को जब्त कर 46 गोवंशीय गाय और बैलों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में कुल 50,20,000 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी
21 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गडचिरोली से तेलंगाना राज्य की ओर 5 पिकअप वाहनों में गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से कत्तल के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौजा वढोली में सख्त नाकाबंदी की।
सुबह करीब 6:30 बजे संदिग्ध पिकअप वाहन मौके पर पहुंचते दिखे। पुलिस ने सामने वाले वाहन को रुकने का इशारा किया, जिसे चालक ने रोक दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए वाहन में सवार आरोपियों ने अपना नाम
मोहसीन अय्यूब खान (40 वर्ष), निवासी वाकडी, जिला आसिफाबाद (तेलंगाना)
मोहम्मद मंजूर अली (42 वर्ष), निवासी माजीदवाडा, तहसील वाकडी, जिला आसिफाबाद (तेलंगाना)
बताया।
पुलिस को देखकर 4 वाहन चालक फरार
पीछे आ रहे 4 अन्य पिकअप वाहनों के चालकों ने पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल पीछा किया। वडोली नदी पुल के पास आरोपियों ने वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस स्टाफ ने पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
क्या-क्या बरामद हुआ?
46 गोवंशीय गाय व बैल — कीमत लगभग 9,20,000 रुपये
5 पिकअप वाहन — कीमत लगभग 41,00,000 रुपये
कुल जब्त माल — 50,20,000 रुपये
महाराष्ट्र प्राणी रक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र प्राणी रक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुमक्का सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े, तथा एसडीपीओ मुल सत्यजित आमले के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी रमेश हत्तीगोटे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।