Home Breaking News चंद्रपुर में नकली नोटों का बड़ा भंडाफोड़!

चंद्रपुर में नकली नोटों का बड़ा भंडाफोड़!

15

चंद्रपुर में नकली नोटों का बड़ा भंडाफोड़!



500 रु की 91 लाख रु रंगीन छायांकित नोटें जब्त, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


चंद्रपुर : चंद्रपुर में नकली नोट तैयार करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। स्थानीय अपराध शाखा (LCB) चंद्रपुर ने कार्रवाई करते हुए ₹500 के नोटों जैसी दिखने वाली करीब 91 लाख 15 हजार रुपये की रंगीन छायांकित नकली नोटें और प्रिंटर सहित अन्य सामग्री जब्त की है। इस मामले में मध्यप्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम चंद्रपुर शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि ऊर्जानगर मेजर गेट के पास स्थित राजश्री अपार्टमेंट, फ्लैट नंबर 203 में कुछ लोग अवैध रूप से ₹500 की रंगीन छायांकित नकली नोटें तैयार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर वहां छापा मारा। मौके पर फ्लैट बंद मिला। इसके बाद फ्लैट मालिक सुमित कालीपथ पाल (निवासी बंगाली कैंप, चंद्रपुर) को बुलाकर पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह फ्लैट करीब एक महीने पहले मध्यप्रदेश के कुछ लोगों को किराये पर दिया था।
फ्लैट मालिक और पंचों की मौजूदगी में जब फ्लैट का ताला तोड़कर तलाशी ली गई, तो बेडरूम में 10 बॉक्स मिले, जिनमें भारतीय मुद्रा जैसी दिखने वाली ₹500 की रंगीन छायांकित नकली नोटें रखी हुई थीं। साथ ही EPSON कंपनी का कलर प्रिंटर और नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने कुल ₹91,15,000 का माल जब्त किया।
पुलिस ने गुप्त तरीके से जानकारी जुटाकर इस फ्लैट में रहने वाले आरोपी की तलाश की और शुभम दिनेश नागर (उम्र 26 वर्ष, निवासी पंचेड, तहसील रतलाम, जिला रतलाम, मध्यप्रदेश) को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी धोखाधड़ी के उद्देश्य से नकली नोट तैयार कर रहा था।
इस मामले में दुर्गापुर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(2), 318(3), 336(2), 336(3) और 182(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच दुर्गापुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई चंद्रपुर पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन में की गई। इस ऑपरेशन में उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले, परिविक्षाधीन पुलिस अधीक्षक गौरव कायंदेपाटील, दुर्गापुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे तथा स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक कांकरेडवार और बलराम झाडोकर की प्रमुख भूमिका रही।
कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक संतोष निंभोरकर, सर्वेश बेलसरे, सुनील गौरकार, पुलिस हवलदार जयसिंह, सचिन गुरनुले, संतोष येलपूलवार, गणेश मोहुर्ले, नितीन रायपूरे, रजनीकांत पुट्टावार, किशोर वकाटे, अजित शेंडे, चालक पुलिस हवलदार दिनेश अराडे, प्रमोद डंभारे सहित महिला पुलिस हवलदार निराशा तितरे, विजयमाला वाघमारे, छाया निकोडे, अपर्णा मानकर और महिला पुलिस आरक्षक दीपिका सोडनार, उषा लेडांगे की टीम शामिल रही।
पुलिस अब इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि इस नकली नोट गिरोह के और कितने सदस्य इसमें शामिल हैं और यह नेटवर्क अन्य राज्यों में भी फैला हुआ है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here