ग्रामीण महिलाओं और किसानों के लिए मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
घुग्घुस : मुरसा ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय किसानों को आयवृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन की ओर से दिनांक 06 फरवरी 2026 को किसान प्रशिक्षण केंद्र, मुरसा में मशरूम उत्पादन विषयक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 ग्रामीण महिलाएं एवं किसान सहभागी हुए। कार्यशाला का मार्गदर्शन केपीएस मशरूम के विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री प्रविण बकाडे ने किया। यह कार्यक्रम लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान श्री बकाडे ने मशरूम उत्पादन के महत्व, इसकी बढ़ती बाजार मांग तथा आर्थिक लाभों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मशरूम के विभिन्न प्रकार, उनकी खेती की पद्धतियाँ, आधुनिक उत्पादन तकनीक, देखभाल एवं प्रबंधन के साथ-साथ मशरूम के औषधीय एवं स्वास्थ्यवर्धक गुणों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को मशरूम बीज (स्पॉन) निर्माण की प्रक्रिया, गुणवत्तापूर्ण एवं रोगमुक्त बीज का चयन, तथा ग्रोइंग मीडिया के रूप में धान का पुआल, तुअर या सोयाबीन की कुटार के चयन, कटाई, भिगोने एवं स्टेरिलाइजेशन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अलावा मशरूम उत्पादन हेतु आवश्यक तापमान और आर्द्रता नियंत्रण, अनुकूल वातावरण निर्माण, इन्क्युबेशन अवधि में सावधानियाँ, पॉलिथीन बैग में पुआल व बीज भरने की सही विधि, तथा मशरूम बेड तैयार कर उन्हें बांधने एवं टांगने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रात्यक्षिक भी दिया गया।
प्रशिक्षण में मशरूम उत्पादन के लिए आवश्यक न्यूनतम क्षेत्रफल, स्वच्छता प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, संभावित उत्पादन क्षमता, साथ ही बाजार की संभावनाएं, बिक्री व्यवस्था और मूल्यवर्धित उत्पादों की जानकारी भी दी गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुरसा, बेलसणी एवं म्हातारदेवी क्षेत्र की महिलाओं और किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें स्वरोजगार के अवसर, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।