अफसरों की गैरहाजिरी पर सांसद प्रतिभा धानोरकर का सख्त एक्शन
रास्ता सुरक्षा समिति की बैठक रद्द; गैरहाजिर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
सरप्राइज विजिट में ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही उजागर, सड़क पर खड़ी ट्रैवल्स पर तत्काल कार्रवाई
चंद्रपुर : जिले में सड़क सुरक्षा का मुद्दा गंभीर बना हुआ है, लेकिन इसी अहम विषय पर आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई प्रमुख अधिकारियों की गैरहाजिरी से सांसद प्रतिभा धानोरकर नाराज हो गईं। उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारी सहित कई विभाग प्रमुखों के बैठक में उपस्थित नहीं रहने पर उन्होंने बैठक तत्काल रद्द कर दी।
सांसद धानोरकर ने समिति की सचिव तथा जिलाधिकारी वसुमना पंत को निर्देश देते हुए कहा कि बैठक से गैरहाजिर रहने वाले संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। बैठक में विधान परिषद सदस्य सुधाकर अडबाले की भी विशेष उपस्थिति रही।
बैठक रद्द होते ही सड़कों पर उतरीं सांसद
बैठक रद्द करने के बाद सांसद प्रतिभा धानोरकर ने सीधे शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी निजी ट्रैवल्स बसों के कारण यातायात प्रभावित होने का मामला सामने आया। सांसद के निर्देश पर संबंधित ट्रैवल्स के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की गई।
उन्होंने शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रक टर्मिनल के लिए उपयुक्त जगह तलाशने तथा निजी ट्रैवल्स संचालकों को अपनी पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।
सरप्राइज विजिट से ट्रैफिक व्यवस्था की खुली पोल
सांसद की अचानक हुई निरीक्षण कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठे। आरोप है कि सांसद के निरीक्षण की जानकारी मिलते ही यातायात निरीक्षक बारापात्रे स्वयं ट्रैवल्स संचालकों को सड़क से वाहन हटाने की सूचना देते नजर आए।
इस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि जनता की जान जोखिम में डालने वाला और यातायात में बाधा पैदा करने वाला लापरवाहीपूर्ण रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगामी बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने और शहर की यातायात समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी वसुमना पंत, विधायक सुधाकर अडबाले, महानगरपालिका आयुक्त अकुनुरी नरेश, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे, सहायक उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारी रावसाहेब रगडे, यातायात निरीक्षक बारापात्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








