Home Breaking News वर्धा नदी में डूबने से पांच नाबालिगों की मौत की आशंका

वर्धा नदी में डूबने से पांच नाबालिगों की मौत की आशंका

1824

वर्धा नदी में डूबने से पांच नाबालिगों की मौत की आशंका



तीन शव बरामद; दो की तलाश जारी


घुग्घुस (चंद्रपुर)

घुग्घुस स्थित वर्धा नदी घाट में पांच नाबालिग लड़कों के डूबने की दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। सोमवार दोपहर घर से निकले पांचों लड़के देर शाम तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे उनके कपड़े, जूते-चप्पल और मोबाइल फोन मिलने से अनहोनी की आशंका जताई गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुग्घुस के इंदिरा नगर निवासी तन्मय नवनाथ पथाडे (18), रोहित बाबाराव बोबडे, सनी अशोक आरपेल्ली, नकुल भास्कर केळझरकर तथा सम्यक देवराव बोबडे सोमवार दोपहर वर्धा नदी घाट क्षेत्र में गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और मामले की सूचना घुग्घुस पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा मंगलवार सुबह चंद्रपुर से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाकर नदी में व्यापक खोज अभियान शुरू किया गया। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे तन्मय नवनाथ पथाडे का शव डब्ल्यूसीएल पानी टंकी परिसर के समीप नदी में तैरता हुआ बरामद किया गया।

इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे रेस्क्यू अभियान के दौरान रोहित बाबाराव बोबडे और सनी अशोक आरपेल्ली के शव भी नदी के पानी में तैरते हुए मिले। तीन शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, नकुल भास्कर केळझरकर और सम्यक देवराव बोबडे की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है। पुलिस, बचाव दल तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा नदी के विभिन्न हिस्सों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

घटना से घुग्घुस शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है। लापता दोनों लड़कों की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीम लगातार नदी में खोज अभियान चला रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here