घुग्घुस वर्धा नदी घाट में डूबने से पांच युवकों की मौत की आशंका, एक का शव बरामद
घुग्घुस (चंद्रपुर)। घुग्घुस स्थित वर्धा नदी घाट में पांच युवकों के डूबने की दर्दनाक घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। सोमवार दोपहर घर से घूमने निकले पांच युवक देर शाम तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने उनकी तलाश शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुग्घुस के इंदिरा नगर निवासी तन्मय नवनाथ पथाडे (18) अपने चार अन्य साथियों के साथ सोमवार दोपहर घर से निकले थे। देर रात तक सभी के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान वर्धा नदी के समीप स्थित डब्ल्यूसीएल पानी टंकी परिसर में रेत पर पांचों युवकों के कपड़े, जूते-चप्पल और मोबाइल फोन संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना तत्काल घुग्घुस पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मंगलवार सुबह चंद्रपुर से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे डब्ल्यूसीएल पानी टंकी परिसर के समीप नदी में तैरता हुआ तन्मय नवनाथ पथाडे का शव बरामद किया गया।
अन्य चार युवकों की तलाश के लिए नदी में व्यापक खोज अभियान जारी है। पुलिस और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। घटना से पूरे घुग्घुस क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापता अन्य युवकों की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। मृतकों और लापता युवकों की आधिकारिक जानकारी पुलिस द्वारा जांच पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।