अजितदादा सभी समाजसेवकों के लिए दीपस्तंभ थे – विवेक बोढे
दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार का अस्थिकलश घुग्घुस पहुंचा
घुग्घुस : राज्य के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार के असामयिक निधन से प्रदेशभर में शोक की लहर है। शनिवार को उनका अस्थिकलश घुग्घुस शहर के गांधी चौक में अंतिम दर्शन हेतु रखा गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों, समाजसेवकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भाजपा नगरसेवक विवेक बोढे तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस के तालुका अध्यक्ष श्रीनिवास गोसकूला ने अस्थिकलश का दर्शन कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विवेक बोढे ने कहा कि “अजितदादा केवल एक नेता नहीं थे, बल्कि वे समाजसेवा की राह पर चलने वाले हर व्यक्ति के लिए एक दीपस्तंभ थे। उनके विचार, उनका कार्य और जनता के प्रति उनकी संवेदनशीलता सदैव प्रेरणा देती रहेगी।”
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूरी तरह शोकमय और भावुक हो गया था। उपस्थित सभी मान्यवरों ने दिवंगत नेता के कार्यों और जनसेवा को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरोरा विधानसभा अध्यक्ष विलास नेरकर, घुग्घुस शहराध्यक्ष रवी दिकोंडा, अक्षय कोवले, भद्रावती तालुका अध्यक्ष राजू बोरकर, रविंद्र भोयर, घुग्घुस नगर परिषद सभापति रवीश सिंह, नगरसेविका शुभांगी सारसर, नगरसेवक पंकज धोटे, प्रयास सखी मंच की अध्यक्षा किरण बोढे, सुरेश बोबडे, सचिन नांदे, मनोज पराशर, अनिल नित सहित अनेक पदाधिकारी, समाजसेवक और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
घुग्घुस शहर ने एकजुट होकर दिवंगत अजितदादा पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।