बल्लारपुर में चोरी-छिपे चौक-चौराहों पर अवैध सट्टा-पट्टी धड़ल्ले से जारी
कार्रवाई के निर्देशों के बावजूद सवालों के घेरे में पुलिस व्यवस्था
चंद्रपुर/बल्लारपुर:
चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर शहर में अवैध सट्टा-पट्टी का कारोबार एक बार फिर सुर्खियों में है। थाना प्रभारी द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद शहर के कई प्रमुख इलाकों में चोरी-छिपे यह अवैध धंधा जारी होने की चर्चा है।
सूत्रों के अनुसार रेलवे चौक, सरकारी अस्पताल के पीछे का क्षेत्र, टेकड़ी इलाका तथा डब्ल्यूसीएल एरिया के आसपास के चौक-चौराहों पर गुपचुप तरीके से सट्टा-पट्टी का कारोबार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर खुलेआम चल रहे अवैध सट्टा धंधों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए डंडा चलाया और बड़ी कार्यवाही की। लेकिन इसके बावजूद अन्य स्थानों पर यह धंधा चोरी-छिपे तेजी से फल-फूल रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार की जानकारी थाना स्तर के कुछ पुलिसकर्मियों को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहरवासियों का कहना है कि अवैध सट्टा-पट्टी का यह नेटवर्क युवाओं को गलत दिशा में धकेल रहा है और सामाजिक माहौल को भी प्रभावित कर रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से लगाम लग सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर ठोस कदम उठाता है।