Home Breaking News चंद्रपुर-यवतमाल की रेल समस्याओं को लेकर डीआरएम से मुलाकात, लंबित मांगों पर...

चंद्रपुर-यवतमाल की रेल समस्याओं को लेकर डीआरएम से मुलाकात, लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन

95

चंद्रपुर-यवतमाल की रेल समस्याओं को लेकर डीआरएम से मुलाकात, लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन



रेलवे ओवरब्रिज, अंडरब्रिज, नई रेल लाइन और बंद ट्रेनों के ठहराव बहाल करने की उठी मांग


यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा


नागपुर/चंद्रपुर। () चंद्रपुर और यवतमाल जिलों से जुड़ी रेल संबंधी विभिन्न लंबित मांगों एवं नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख रेल परियोजनाओं को गति देने तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मांगों का आधिकारिक ज्ञापन भी सौंपा गया।

बैठक में सबसे प्रमुख रूप से चिरादेवी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में तेजी लाने का मुद्दा उठाया गया। साथ ही बल्लारपुर रेलवे स्टेशन पर तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने की मांग की गई।

इसके अलावा वरोरा शहर के आनंदवन चौक स्थित रेलवे अंडरब्रिज में जल निकासी व्यवस्था (ड्रेनेज सिस्टम) और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।

वणी और चिखलगांव के ओवरब्रिज कार्य में तेजी लाने की मांग

बैठक में कहा गया कि वणी और चिखलगांव में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता देकर जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

माजरी स्टेशन पर बंद ट्रेनों के ठहराव बहाल करने की मांग

कोरोना काल के दौरान बंद किए गए दक्षिण एक्सप्रेस, नंदीग्राम एक्सप्रेस, अंडमान एक्सप्रेस, बेंगलुरु एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस और काजीपेठ-अजनी पैसेंजर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के माजरी रेलवे स्टेशन पर ठहराव को तत्काल बहाल करने की मांग भी की गई।

रेलवे गेट और कर्मचारियों की समस्याएं भी उठीं

माजरी-भद्रावती मार्ग पर स्थित रेलवे फाटकों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक बंद रखने के कारण लोगों को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। मांग की गई कि रेलवे गेट केवल रेल यातायात के समय ही बंद रखे जाएं तथा वहां स्थायी समाधान के रूप में फ्लाईओवर या अंडरब्रिज का निर्माण किया जाए।

इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए घुग्घुस निवासी रेलवे पॉइंट्समैन राजू सदाशिव संगोजीवार को उनकी सुविधा के अनुसार नजदीकी स्थान पर पदस्थापना देने की मांग भी रेल प्रशासन के समक्ष रखी गई।

रेल प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन

बैठक के दौरान रेल प्रशासन ने चंद्रपुर-यवतमाल क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

क्षेत्र के नागरिकों को उम्मीद है कि इन मांगों पर जल्द निर्णय होने से रेल यातायात अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और तेज़ होगा तथा वर्षों से लंबित कई समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here