Home Breaking News वणी में ड्रग्स तस्करों पर पुलिस का शिकंजा

वणी में ड्रग्स तस्करों पर पुलिस का शिकंजा

60

वणी में ड्रग्स तस्करों पर पुलिस का शिकंजा



एमडी ड्रग्स के साथ दो युवक गिरफ्तार, डेढ़ लाख से अधिक का माल जब्त


यवतमाल/वणी : जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्थानीय अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने वणी शहर में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को प्रतिबंधित एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ, नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 63 हजार 70 रुपये का माल जब्त किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंतामणि के निर्देश पर जिले में अवैध धंधों और नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली कि वणी शहर में कुछ युवक एमडी ड्रग्स की बिक्री कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एसपीएम स्कूल के पीछे तथा नगर परिषद स्कूल क्रमांक-3 के सामने स्थित मैदान में जाल बिछाया। घेराबंदी के दौरान दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल के पास खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 5.091 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थ के अलावा नकद राशि, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ दिनेश खैरे (25 वर्ष) तथा प्रथमेश विनोद गुंडेवार (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ वणी पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस ड्रग्स नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here