गडचांदूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वध के लिए ले जाई जा रही 12 गायों को कराया मुक्त
एक आरोपी गिरफ्तार, 7.40 लाख रुपये का माल जब्त
गडचांदूर, 22 जून। गडचांदूर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए वध के लिए अवैध रूप से ले जाई जा रही 12 गोवंशीय गायों को मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 7 लाख 40 हजार रुपये मूल्य का माल जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के माध्यम से गोवंशीय पशुओं को वध के उद्देश्य से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौजा आसन बस स्टॉप के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध महिंद्रा मैक्स बोलेरो पिकअप क्रमांक MH-32-AJ-6471 को रोककर जांच की।
पंचों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 12 जीवित गायों को अत्यंत क्रूरता एवं अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ पाया गया। पशुओं के लिए चारा और पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। वाहन में मौजूद व्यक्ति से पशु चिकित्सक का प्रमाणपत्र तथा खरीद-बिक्री संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन गायों को वध के लिए दूसरे स्थान पर ले जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने 12 गायों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए उन्हें संरक्षण में लिया।
कार्रवाई के दौरान लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये मूल्य की 12 गायें तथा परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा 5 लाख रुपये मूल्य का महिंद्रा मैक्स बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 7 लाख 40 हजार रुपये का माल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
इस मामले में पुलिस ने संतोष रामाजी परचाके (35 वर्ष), निवासी कलंब हल्दीपुरा, जिला यवतमाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के फरार साथी एवं वाहन चालक की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच गडचांदूर पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी रविंद्र जाधव के मार्गदर्शन में गडचांदूर पुलिस स्टेशन के प्रभारी शिवाजी कदम के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई दल में सहायक पुलिस निरीक्षक सुखदेव गोदे, बलवंत शर्मा, सूरज, प्रकाश और साईनाथ सहित पुलिस कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।