Home Breaking News बड़े सपने देखिए, ज्ञान और मेहनत से महाराष्ट्र का नाम रोशन कीजिए”...

बड़े सपने देखिए, ज्ञान और मेहनत से महाराष्ट्र का नाम रोशन कीजिए” – विधायक सुधीर मुनगंटीवार

27

“बड़े सपने देखिए, ज्ञान और मेहनत से महाराष्ट्र का नाम रोशन कीजिए” – विधायक सुधीर मुनगंटीवार



मारोडा में नवीन सार्वजनिक पुस्तकालय का लोकार्पण, विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने का दिया संदेश


चंद्रपुर, 29 जून। पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में कभी छोटे लक्ष्य नहीं रखने चाहिए। ज्ञान, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर वे न केवल अपने परिवार और गांव बल्कि पूरे महाराष्ट्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने यह प्रेरक संदेश मारोडा में नव निर्मित सार्वजनिक पुस्तकालय भवन के लोकार्पण समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए दिया।

खनिज विकास निधि योजना के तहत निर्मित आधुनिक पुस्तकालय का लोकार्पण उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, ग्राम पंचायत पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में विधायक मुनगंटीवार ने कहा कि वर्ष 1995 में पहली बार विधायक बनने के बाद उन्होंने जिले में विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालयों का व्यापक नेटवर्क तैयार करने का संकल्प लिया था। उसी संकल्प के तहत चंद्रपुर, मूल, पोंभूर्णा, बल्लारपुर, कोरपना सहित कई क्षेत्रों में पुस्तकालय स्थापित किए गए। इसके अलावा जिले की 825 ग्राम पंचायतों में कृषि पुस्तकालय शुरू कर किसानों तक आधुनिक कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने का कार्य भी किया गया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारित और सक्षम समाज के निर्माण का आधार है। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले और संत गाडगे बाबा के शिक्षा संबंधी विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुनगंटीवार ने बताया कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मारोडा, राजोली, पडोली, विसापुर, कोठारी सहित जिले के 22 पुस्तकालयों के लिए प्रत्येक को डेढ़ करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा मूल–सोमनाथ मार्ग पर पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 एकड़ क्षेत्र में कृषि महाविद्यालय तथा अजयपुर में किसान प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है।

उन्होंने अधिकारियों को सोमनाथ मंदिर परिसर के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार करने, मारोडा के महादेव मंदिर का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा गांव के प्रवेश द्वार के निर्माण के निर्देश भी दिए। साथ ही जानकारी दी कि आगामी विधानसभा सत्र में एक निजी विधेयक प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें अपने माता-पिता की देखभाल नहीं करने वाले सरकारी कर्मचारियों के वेतन का 20 प्रतिशत हिस्सा उनके माता-पिता को दिए जाने का प्रावधान प्रस्तावित किया जाएगा।

मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

समारोह के दौरान शासकीय सेवाओं में चयनित अजय कांबले, नयना मडावी, विवेक भडके, हंसराज वैरागड़े, जय गुरुनुले, मोहित मोहुर्ले, नूतन शेंडे और आदित्य मोहुर्ले सहित कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का विधायक सुधीर मुनगंटीवार के हाथों सम्मान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here