
लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन के ‘निर्मल जल’ अभियान से 8 गांवों को मिली स्वच्छ पेयजल की सौगात
अत्याधुनिक RO वॉटर एटीएम से प्रतिदिन 16 हजार ग्रामीणों को मिल रहा शुद्ध और सुरक्षित पानी
घुग्घुस | प्रतिनिधि
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत ‘निर्मल जल’ अभियान शुरू कर एक सराहनीय पहल की है। इस परियोजना के अंतर्गत चंद्रपुर जिले के शेंगांव, म्हातारदेवी, नकोडा, धानोरा, पांढरकवड़ा, मुरसा, बेलसणी और वढा गांवों में अत्याधुनिक RO वॉटर एटीएम प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 15 से 16 हजार नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में दूषित पानी के कारण डायरिया, टायफाइड, पीलिया, पेट संबंधी बीमारियों और अन्य जलजनित रोगों की बढ़ती समस्या को देखते हुए फाउंडेशन ने इस महत्वाकांक्षी योजना को अमल में लाया। आधुनिक आरओ तकनीक से शुद्ध किया गया पानी अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
परियोजना के तहत प्रत्येक गांव में आधुनिक RO वॉटर एटीएम स्थापित किए गए हैं। लाभार्थी परिवारों को स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए हैं, जिससे पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस व्यवस्था से पानी का वितरण अधिक सुचारू और प्रभावी बन गया है।
लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन केवल पेयजल तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक विकास जैसे कई क्षेत्रों में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इन योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ जिले के हजारों नागरिकों को मिल रहा है।
इस परियोजना से महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दराज से पानी लाने की परेशानी काफी हद तक कम हुई है। साथ ही बच्चों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छ पानी मिलने से जलजनित बीमारियों में कमी आने तथा स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च में भी राहत मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी कार्य जारी रहने चाहिए।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि ग्रामीण विकास, सतत आधारभूत सुविधाओं के निर्माण और समाज के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इसी प्रकार की लोकहितकारी योजनाएं संचालित की जाती रहेंगी। ‘निर्मल जल’ अभियान चंद्रपुर जिले के ग्रामीण विकास और जनस्वास्थ्य की दिशा में एक आदर्श पहल बनकर उभरा है, जो हजारों लोगों के बेहतर और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है।










