नागभीड़ पुलिस की जुआ अड्डे पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार; 3.77 लाख का माल जब्त
नागभीड़ (चंद्रपुर) : नागभीड़ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मौजा कान्पा स्थित हनुमान टेकड़ी परिसर में चल रहे कथित 52 पत्तों के जुआ अड्डे पर छापा मारकर छह लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई 15 अगस्त 2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके से 52 ताश के पत्ते, जुए के दांव पर लगी 900 रुपये की नकदी तथा आरोपियों की तलाशी में 6,010 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा घटनास्थल से 6 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत करीब 41 हजार रुपये, तथा 5 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत 3.30 लाख रुपये बताई गई है, जब्त की गईं।
पुलिस ने कुल 3 लाख 77 हजार 910 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जुए में पैसे की बाजी लगाकर हार-जीत का खेल खेलते हुए पाए गए।
कार्रवाई में छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार आरोपियों में दीपक गंगाधर करुटकर (37), लक्ष्मण नेमाजी गोंगल (35), जगदीश दादाजी भुरसे (49), सुधाकर पांडुरंग मुळे (47), दामोदर वासुदेव घ्यार (66) और नितेश बालकृष्ण मलोडे (30) शामिल हैं।
यह कार्रवाई चंद्रपुर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे, ब्रह्मपुरी के उपविभागीय पुलिस अधिकारी साहील झरकर तथा नागभीड़ पुलिस निरीक्षक रमाकांत कोकाटे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस उपनिरीक्षक अजिंक्य गोविंदलवार और अनिल डोंगरवार सहित पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
नागभीड़ पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा आगे भी अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।










