

घुग्घुस में आशा सेविकाओं के स्वास्थ्य पर संकट!
आंदोलन के बीच बिगड़ी महिलाओं की तबीयत
32 आशा स्वयंसेविकाएं कड़ाके की ठंड में दिन-रात धरने पर; किसी को दस्त तो किसी को बुखार और कमजोरी की शिकायत
10 महीने का भुगतान हुआ, लेकिन अब भी 12 महीने का प्रोत्साहन भत्ता बकाया; आजाद समाज पार्टी ने प्रशासन को घेरा
घुग्घुस | चंद्रपुर।
घुग्घुस में अपने हक के बकाया कोविड प्रोत्साहन भत्ते की मांग को लेकर आंदोलन कर रहीं 32 आशा स्वयंसेविकाओं की मुश्किलें अब बढ़ती जा रही हैं। कड़ाके की ठंड में दिन-रात सड़क पर बैठकर अपने हक की लड़ाई लड़ रही इन महिलाओं के स्वास्थ्य पर आंदोलन का गंभीर असर दिखाई देने लगा है। आंदोलन के दौरान एक आशा स्वयंसेविका की तबीयत बिगड़ने पर उसे ग्रामीण अस्पताल, घुग्घुस में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित आशा स्वयंसेविका को दस्त (लूज मोशन), हाथ-पैरों में दर्द, शरीर में कमजोरी और ठंड लगने की शिकायत के बाद अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। वहीं कविता सोपान परागे और उषा अनिल वानखेड़े को भी ठंड लगने के कारण बुखार आने की जानकारी सामने आई है। लगातार खुले आसमान के नीचे आंदोलन करने से अन्य आशा सेविकाओं के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
12 महीने का बकाया, आखिर कब जागेगा प्रशासन?
कोविड महामारी के दौरान जब पूरा देश संकट से जूझ रहा था, तब इन्हीं आशा स्वयंसेविकाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर घर-घर जाकर लोगों की सेवा की थी। संक्रमण के खतरे के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली इन महिलाओं को आज अपने ही मेहनत के पैसे के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है।
आंदोलनकारियों के अनुसार, कोविड प्रोत्साहन भत्ते की 10 महीने की राशि जमा हुई है, लेकिन अभी भी 12 महीने का भुगतान बाकी है। इसी बकाया राशि की मांग को लेकर 32 आशा स्वयंसेविकाएं आंदोलन कर रही हैं।
नगराध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मुख्याधिकारी से सीधा सवाल
आजाद समाज पार्टी ने इस मामले को लेकर नगर परिषद प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने नगराध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मुख्याधिकारी से पूछा है कि आखिर कितनी आशा स्वयंसेविकाओं की तबीयत बिगड़ने के बाद प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से लेगा? यदि आंदोलन के दौरान किसी महिला की हालत और गंभीर होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
पार्टी ने मांग की है कि आशा स्वयंसेविकाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए तत्काल उचित चिकित्सा व्यवस्था की जाए और उनके कोविड प्रोत्साहन भत्ते की शेष 12 महीने की बकाया राशि बिना देरी के अदा की जाए।
हक और सम्मान की लड़ाई, आंदोलन जारी रखने का ऐलान
आजाद समाज पार्टी के विदर्भ सचिव सुरेशभाऊ मल्हारी पाईकराव तथा चंद्रपुर जिला महासचिव सौ. रिताताई फकरु देशकर ने आशा स्वयंसेविकाओं के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक सत्ता या पद के लिए नहीं, बल्कि 32 मेहनतकश महिलाओं के अधिकार, सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया भुगतान करने की मांग की। साथ ही स्पष्ट किया कि जब तक आशा स्वयंसेविकाओं को उनका पूरा हक नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
अब सवाल सिर्फ बकाया भत्ते का नहीं, बल्कि उन महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान का भी है, जिन्होंने कोरोना संकट में जनता की सेवा की थी। क्या प्रशासन उनकी मांगों पर समय रहते कार्रवाई करेगा, या इन महिलाओं को अपना हक पाने के लिए इसी तरह ठंड में सड़क पर बैठना पड़ेगा?










