

चंद्रपुर शहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो आरोपियों के घर से 19.220 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त
आनंदनगर में पुलिस की छापेमारी; पिता-पुत्र समेत दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
चंद्रपुर | चंद्रपुर शहर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आनंदनगर, महाकाली कोलरी परिसर में छापेमारी कर 19.220 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को चंद्रपुर शहर पुलिस थाने के डिटेक्शन ब्रांच (डी.बी.) को गुप्त सूचना मिली थी कि आनंदनगर, महाकाली कोलरी निवासी कुछ लोगों के पास मादक पदार्थ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुभम संजय वासेकर (24) तथा संजय महादेव वासेकर (52), दोनों निवासी आनंदनगर, महाकाली कोलरी, चंद्रपुर के घर की तलाशी ली।
इस दौरान पुलिस को उनके घर से एमडी (मेफेड्रोन) नामक मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल शुद्ध वजन 19.220 ग्राम बताया गया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 42,284 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(अ) एवं 21(ब) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकाडे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौघुले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक श्याम गव्हाणे के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में कृणाल रामटेके, दत्तात्रय कोलते, संजय धोटे, संतोष दांडेवार, कपूरचंद खरवार, योगेश पिदुरकर, खंडेराव माने, नीलेश ढोक, विक्रम मेश्राम, प्रशांत कुसरे, सुशांत घिवे, लीना काटवले सहित पुलिस कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चंद्रपुर शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।










