Home Breaking News सावंगी-जुनी निगुर्डा नदीपात्र में रेत माफियाओं का आतंक!

सावंगी-जुनी निगुर्डा नदीपात्र में रेत माफियाओं का आतंक!

35

सावंगी-जुनी निगुर्डा नदीपात्र में रेत माफियाओं का आतंक!



रातभर 3 से 4 ट्रैक्टरों से खुलेआम रेत की ढुलाई, राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल


शासन के लाखों रुपये के राजस्व को चूना लगने का आरोप; सैकड़ों ब्रास रेत की अवैध निकासी की आशंका, आखिर तलाठी और मंडल अधिकारी कर क्या रहे हैं?

घुग्घुस :  वणी तहसील के सावंगी-जुनी निगुर्डा क्षेत्र स्थित नदीपात्र में कथित अवैध रेत उत्खनन और तस्करी का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रेत माफियाओं द्वारा नदीपात्र में बड़े पैमाने पर रेत की निकासी की जा रही है। आरोप है कि रात से लेकर सुबह तक तीन से चार ट्रैक्टरों के माध्यम से खुलेआम रेत का परिवहन किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस गतिविधि के जरिए नदीपात्र से सैकड़ों ब्रास रेत की अवैध निकासी होने की आशंका है। यदि बिना सरकारी अनुमति के यह परिवहन किया जा रहा है, तो इससे शासन के राजस्व को लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि संबंधित राजस्व विभाग इस पूरे मामले पर आखिर मौन क्यों है?

रात के अंधेरे में रेत तस्करों को खुली छूट?

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रातभर ट्रैक्टरों की आवाजाही जारी रहती है और सुबह तक रेत की ढुलाई होती रहती है। ऐसे में सवाल यह है कि संबंधित तलाठी और मंडल अधिकारी को इसकी जानकारी नहीं है क्या? क्या राजस्व विभाग के कर्मचारी नदीपात्र का नियमित निरीक्षण करते हैं? यदि करते हैं, तो अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान!

रेत के अवैध उत्खनन से केवल शासन के राजस्व का नुकसान ही नहीं होता, बल्कि नदीपात्र की प्राकृतिक संरचना और पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। नदी की गहराई, जलप्रवाह और आसपास के पर्यावरणीय संतुलन को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

नागरिकों ने मांग की है कि संबंधित तलाठी, मंडल अधिकारी और वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया जाए। रात के समय गश्त बढ़ाकर रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों की जांच की जाए तथा अवैध उत्खनन पाए जाने पर वाहनों को जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

अब वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों को देना होगा जवाब!

सावंगी-जुनी निगुर्डा नदीपात्र में कथित रेत तस्करी की निष्पक्ष जांच होगी क्या? अब तक कितने ब्रास रेत का उत्खनन हुआ, इसमें कितने वाहन शामिल हैं और शासन को कितने राजस्व का नुकसान हुआ, इसकी जांच कौन करेगा? क्या संबंधित तलाठी और मंडल अधिकारियों की कार्यप्रणाली की भी जांच होगी?

  • अब देखना यह है कि वरिष्ठ राजस्व अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध रेत उत्खनन पर कब तक कार्रवाई करते हैं। शासन की प्राकृतिक संपत्ति और राजस्व की रक्षा करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? यह सवाल क्षेत्र के नागरिकों द्वारा उठाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here