18 चक्का ट्रेलर में ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे थे पशु; LCB ने 35.80 लाख रुपये का माल किया जब्त
चंद्रपुर : चंद्रपुर जिले में गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अजयपुर परिसर में 18 चक्का ट्रेलर ट्रक से 57 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया। इस दौरान 9 पशुओं की मौत हो चुकी थी, जबकि 48 पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को स्थानीय अपराध शाखा को गोपनीय सूचना मिली थी कि अजयपुर परिसर से ट्रेलर ट्रक में गोवंशीय पशुओं की अवैध एवं क्रूरतापूर्ण तरीके से तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर 18 चक्का ट्रेलर को रोककर जांच की। ट्रक में पशुओं को बेहद तंग जगह में ठूंसकर छोटे रस्सों से बांधा गया था। उनके लिए चारा और पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
इस अमानवीय परिवहन के कारण 9 गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई। पुलिस ने शेष 48 पशुओं को मुक्त कराकर उपचार, चारा-पानी और देखभाल के लिए प्यार फाउंडेशन, पडोली में भेज दिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में नईमुद्दीन करीमुद्दीन शेख (40), निवासी घुग्घुस, जिला चंद्रपुर को गिरफ्तार किया है। वहीं इमरान शेख, इरशाद खान और मोहम्मद साकिब मोहम्मद शकूर, तीनों निवासी मूर्तिजापुर, जिला अकोला, फरार हैं।
35 लाख 80 हजार रुपये का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 30 लाख रुपये कीमत का ट्रेलर ट्रक, 5 लाख 70 हजार रुपये कीमत के 57 गोवंशीय पशु तथा 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन, इस प्रकार कुल 35 लाख 80 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
रामनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम (संशोधित) 2015 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत रामनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच रामनगर पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई ब्रह्मपुरी उपविभाग एवं चंद्रपुर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने की।