वरोरा | 5 मार्च 2026
वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोली) के अंतर्गत माजरी क्षेत्र की एकोना कोल माइंस से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 26 और 27 फरवरी को खदान से कोयले से भरे ट्रक बिना वजन (वेट ब्रिज) किए ही बाहर निकल गए, जिससे पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
इस मामले में वेकोली प्रबंधन ने वरोरा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और जांच शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में बड़े खिलाड़ियों के फंसने की संभावना भी जताई जा रही है।
महाप्रबंधक राकेश प्रसाद की सख्त कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही वेकोली के महाप्रबंधक राकेश प्रसाद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले 5 सुरक्षा रक्षकों को निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए सुरक्षा रक्षक हैं —
संदेश बेलेकर,गोकुल डंभारे,शंकर बोबड़े
लव पारखी,मनोज माथनकर अदी है।
CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार नागपुर की वी.वी. ट्रांसपोर्ट कंपनी का एक ट्रक 26 फरवरी सुबह करीब 10 बजे खदान से कोयले से भरा हुआ बाहर निकला, लेकिन सुरक्षा चौकी पर मौजूद गार्ड के बावजूद ट्रक का वजन नहीं कराया गया और वह सीधे बैरियर पार कर गया।
इसके अगले दिन 27 फरवरी दोपहर करीब 2 बजे दूसरे ट्रक ने भी इसी तरह बिना वजन कराए खदान से बाहर निकलकर संदेह को और गहरा कर दिया।
जब यह संदिग्ध गतिविधि सामने आई तो डिस्पैच ऑफिसर मुकेश गजभिये ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत महाप्रबंधक को सूचना दी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में कोयला चोरी की पुष्टि हुई।
क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
महाप्रबंधक के निर्देश पर क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी एस.के. बैरवा ने 4 मार्च को वरोरा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
वरोरा पुलिस स्टेशन के निरीक्षक ओमप्रकाश सोनटक्के ने बताया कि“एकोना कोल माइंस से बिना वजन किए कोयले से भरे ट्रकों के निकलने की शिकायत प्राप्त हुई है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
आवरपुर सीमेंट कंपनी को जाने वाला था कोयला
सूत्रों के मुताबिक यह कोयला अवरपुर सीमेंट प्लांट के लिए भेजा जा रहा था। मामला उजागर होने के बाद संबंधित कंपनी को सूचना देकर कोयला सप्लाई तुरंत रोक दी गई है।
विजिलेंस जांच में खुल सकते हैं
महाप्रबंधक राकेश प्रसाद के अनुसार पूरे मामले की वेकोली विजिलेंस विभाग द्वारा गहन जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि —“डिस्पैच अधिकारी की सतर्कता से यह मामला सामने आया है। हमने WCL मुख्यालय को जानकारी दे दी है। विजिलेंस की टीम इस पूरे मामले की जांच करेगी और पहले हुई संभावित चोरी की घटनाओं की भी जांच की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”