चंद्रपुर जिला प्रशासन ने शुरू की ‘चांदा महसूल मित्र’ चैटबोट सेवा
घर बैठे दर्ज होंगी शिकायतें, अधिकारियों से मिलने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी शुरू
पेट्रोल-डीजल की बचत और नागरिकों की परेशानी कम करने की पहल
चंद्रपुर:
पश्चिम एशियाई देशों में युद्ध जैसे हालात और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों से सादगी और संसाधनों की बचत अपनाने की अपील के बाद चंद्रपुर जिला प्रशासन ने एक नई डिजिटल पहल शुरू की है।
जिलाधिकारी वसुमना पंत की संकल्पना से अब नागरिकों को सरकारी काम के लिए बार-बार जिला कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रशासन ने ‘चांदा महसूल मित्र’ नाम से विशेष चैटबोट सेवा और ऑनलाइन अभ्यागत सेवा फॉर्म शुरू किया है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायतें, समस्याएं और राजस्व विभाग से जुड़े कार्य ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
व्हाट्सऐप नंबर पर मिलेगी राजस्व सेवाएं
जिला प्रशासन द्वारा जारी 9284061588 नंबर पर शुरू किए गए ‘चांदा महसूल मित्र’ चैटबोट के जरिए नागरिकों को राजस्व विभाग से संबंधित जानकारी, शिकायत निवारण और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से नागरिकों का समय बचेगा, अनावश्यक यात्रा कम होगी और पेट्रोल-डीजल की भी बचत होगी।
ऑनलाइन फॉर्म से अधिकारियों तक पहुंचेगी शिकायत
अब नागरिकों को जिलाधिकारी या अन्य अधिकारियों से मिलने के लिए सीधे कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। ऑनलाइन अभ्यागत सेवा फॉर्म के माध्यम से लोग अपनी समस्या और शिकायत सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
फॉर्म में नागरिकों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पता, गांव, तालुका, कार्य का विवरण, संबंधित विभाग या अधिकारी की जानकारी तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा दी गई है।
डिजिटल प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों में आने से बचें।
प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल प्रशासनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी और तेज बनाएगी, बल्कि नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।