Home Breaking News WCL ने पेश किया अपना पहला कॉर्पोरेट लोगो, कंपनी को मिली नई...

WCL ने पेश किया अपना पहला कॉर्पोरेट लोगो, कंपनी को मिली नई पहचान

232

WCL ने पेश किया अपना पहला कॉर्पोरेट लोगो, कंपनी को मिली नई पहचान


आधुनिकीकरण, नवाचार और ऊर्जा सुरक्षा के नए विजन का प्रतीक बना नया लोगो


चंद्रपुर : Western Coalfields Limited (डब्ल्यूसीएल) ने अपना पहला स्वतंत्र कॉर्पोरेट लोगो और नई कॉर्पोरेट पहचान आधिकारिक रूप से प्रस्तुत की। कंपनी के इतिहास में इसे एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।

लोगो अनावरण समारोह में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे, संचालक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष, संचालक (तकनीकी/संचालन) आनंदजी प्रसाद तथा संचालक (तकनीकी/परियोजना एवं नियोजन) संदीप परांजपे सहित विभिन्न विभागों और इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि वर्ष 1975 से डब्ल्यूसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बदलते समय के साथ कंपनी नवाचार, आधुनिकीकरण और सतत विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी की मल्टीमीडिया कम्युनिकेशन टीम द्वारा विकसित यह नया लोगो डब्ल्यूसीएल की गौरवशाली विरासत, संगठनात्मक शक्ति और दूरदर्शी सोच का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि लोगो में दर्शाए गए “W” और “C” की कलात्मक संरचना प्रगति, परिवर्तन और नई संभावनाओं को अपनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। लाल रंग का “C” ऊर्जा, Coal India Limited की समृद्ध विरासत और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। वहीं हॉकी स्टिक जैसी आकृति टीम भावना और गतिशीलता को दर्शाती है। आधुनिक शैली में बनाया गया “L” स्थिरता, नवाचार और निरंतर विकास का प्रतीक बताया गया।

कार्यक्रम में संचालक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष ने कहा कि नई कॉर्पोरेट पहचान डब्ल्यूसीएल की कार्यसंस्कृति, दूरदृष्टि और संगठनात्मक मूल्यों का सशक्त प्रतिबिंब है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई पहचान कर्मचारियों, हितधारकों और पूरे डब्ल्यूसीएल परिवार में गर्व, एकता और नई ऊर्जा का संचार करेगी।

उन्होंने कहा कि डब्ल्यूसीएल परिवार का प्रत्येक सदस्य इस नई पहचान की भावना को आत्मसात कर कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here