Home Breaking News चंद्रपुर को मिली आधुनिक जीएसटी भवन की सौगात, 18 जून को होगा...

चंद्रपुर को मिली आधुनिक जीएसटी भवन की सौगात, 18 जून को होगा लोकार्पण

67

चंद्रपुर को मिली आधुनिक जीएसटी भवन की सौगात, 18 जून को होगा लोकार्पण



मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, विधायक सुधीर मुनगंटीवार की पहल से साकार हुआ 29.99 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट


चंद्रपुर, 15 जून। चंद्रपुर शहर के प्रशासनिक विकास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग के अत्याधुनिक भवन का लोकार्पण आगामी 18 जून को सुबह 11 बजे किया जाएगा। इस भवन का उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दूरदृश्य प्रणाली (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से करेंगे।

इस अवसर पर वित्त एवं नियोजन राज्यमंत्री आशिष जयस्वाल प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि जिले के पालकमंत्री अशोक उईके भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने में पूर्व वित्तमंत्री एवं विधायक सुधीर मुनगंटीवार की दूरदृष्टि और निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वित्तमंत्री रहते हुए उन्होंने चंद्रपुर में स्वतंत्र और आधुनिक जीएसटी भवन की आवश्यकता को देखते हुए इस परियोजना को मंजूरी दिलाई थी।

15 मई 2017 को इस भवन के निर्माण के लिए 21 करोड़ 43 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। बाद में निर्माण लागत में वृद्धि को देखते हुए 24 जनवरी 2024 को परियोजना की संशोधित लागत 29 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये मंजूर की गई।

करदाताओं और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

विधायक सुधीर मुनगंटीवार के प्रयासों से निर्मित यह आधुनिक भवन वस्तु एवं सेवा कर विभाग के कार्यों को अधिक गति और पारदर्शिता प्रदान करेगा। करदाताओं, व्यापारियों और उद्यमियों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में आसानी आएगी।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन

जलनगर वार्ड क्षेत्र में निर्मित यह चार मंजिला (G+3) भवन लगभग 5407 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। भवन में आधुनिक प्रशासनिक कार्यालय, प्रशिक्षण सभागार, सम्मेलन कक्ष, वातानुकूलित सुविधाएं, लिफ्ट, पार्किंग व्यवस्था, अग्निसुरक्षा प्रणाली तथा नागरिकों के लिए आवश्यक सेवा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

लोकार्पण से पहले मुनगंटीवार ने किया निरीक्षण

लोकार्पण समारोह से पूर्व विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने नव-निर्मित जीएसटी भवन का दौरा कर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में शेष कार्यों और संभावित कमियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि लोकार्पण से पहले सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

चंद्रपुर के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने वाला यह जीएसटी भवन जिले के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण प्रकल्प माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here