Home Breaking News एसआईआर अभियान के तहत चंद्रपुर जिले में 86.56 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग...

एसआईआर अभियान के तहत चंद्रपुर जिले में 86.56 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी : जिलाधिकारी वसुमना पंत

36

एसआईआर अभियान के तहत चंद्रपुर जिले में 86.56 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी : जिलाधिकारी वसुमना पंत



मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जारी


चंद्रपुर, 23 जून भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चंद्रपुर जिले में अब तक 86.56 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। यह जानकारी जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वसुमना पंत ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार परिषद में दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सत्यापन और मैपिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। राजुरा विधानसभा क्षेत्र में 92.99 प्रतिशत, चंद्रपुर में 70.18 प्रतिशत, बल्लारपुर में 87.25 प्रतिशत, ब्रह्मपुरी में 92 प्रतिशत, चिमूर में 93.13 प्रतिशत तथा वरोरा विधानसभा क्षेत्र में 88.04 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है।

उन्होंने बताया कि जिले के कुल 17 लाख 97 हजार 655 मतदाताओं में से 15 लाख 56 हजार 64 मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है, जबकि शेष मतदाताओं का सत्यापन कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

इस विशेष अभियान के तहत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता विवरणों का सत्यापन, आवश्यक संशोधन, स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी का अद्यतन, दोहरे नामों की जांच तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया की जा रही है।

जिलाधिकारी वसुमना पंत ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में दर्ज अपनी जानकारी की जांच करें और आवश्यकता होने पर नाम जोड़ने, नाम हटाने, सुधार कराने अथवा अन्य आवश्यक दावे एवं आपत्तियां निर्धारित अवधि में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सटीक एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है।

उन्होंने बताया कि बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी। नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम का समय-निर्धारण- प्रशिक्षण एवं पूर्व तैयारी : 20 जून से 29 जून 2026- बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन : 30 जून से 29 जुलाई 2026- मतदान केंद्रों का पुनर्गठन : 29 जुलाई 2026 तक- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन : 5 अगस्त 2026- दावे एवं आपत्तियां स्वीकार करने की अवधि : 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026- दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण : 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 7 अक्टूबर 2026

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म डाउनलोड करने का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और आगे की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here