
चंद्रपुर पुलिस की तत्परता से बची एक युवक की जान, महज 10 मिनट में खोजकर आत्महत्या से बचाया
सावली, भद्रावती और साइबर पुलिस के संयुक्त प्रयास से समय रहते बची 32 वर्षीय युवक की जिंदगी
चंद्रपुर, 28 जून। चंद्रपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय के चलते एक 32 वर्षीय युवक की जान बचाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक का महज 10 मिनट के भीतर पता लगाकर उसे सुरक्षित बचा लिया गया। बाद में पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 को सावली थाना क्षेत्र से एक 32 वर्षीय युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी दौरान युवक ने सुबह करीब 11 बजे अपने परिजनों को वीडियो कॉल किया। कॉल के दौरान उसके हाथ में जहरीले रासायनिक पदार्थ की बोतल थी और उसने कहा, “मैं आत्महत्या कर रहा हूं।” इसके बाद उसने फोन काट दिया। इस घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सावली पुलिस ने तुरंत चंद्रपुर साइबर पुलिस से संपर्क किया। साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए युवक की लोकेशन ट्रेस की, जो भद्रावती थाना क्षेत्र में मिली। सूचना मिलते ही भद्रावती पुलिस सक्रिय हुई और महज 10 मिनट के भीतर युवक को खोजकर सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की, जिससे उसका मन बदला और उसने आत्मघाती कदम उठाने का इरादा छोड़ दिया। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। बेटे की जान बचने पर परिजनों ने भावुक होकर चंद्रपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
यह सराहनीय एवं जीवनरक्षक कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सत्यजीत आमले के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में सावली, भद्रावती और चंद्रपुर साइबर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मानवीय संवेदनाओं का परिचय बनी चंद्रपुर पुलिस
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि चंद्रपुर पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समय पर कार्रवाई कर लोगों की जान बचाने में भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपना कर्तव्य निभा रही है।










