गंजवार्ड बाजार में भारी वाहनों पर रोक लगाने की उठी मांग
एडवोकेट तबस्सुम के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन, ट्रैफिक जाम और हादसों पर तत्काल कार्रवाई की मांग
चंद्रपुर | प्रतिनिधि
चंद्रपुर शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र गंजवाड़ बाजार में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम और भारी वाहनों की आवाजाही से परेशान नागरिकों ने अब सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। इसी को लेकर एडवोकेट तबस्सुम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि गंजवाड़ बाजार शहर का प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र होने के साथ-साथ अस्पतालों, स्कूलों और रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी है। प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और आम नागरिक इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद दिनभर भारी ट्रक, डंपर और मालवाहक वाहनों की आवाजाही से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
भीड़भाड़ के समय गंजवाड़ बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए।
बाजार क्षेत्र को नो-पार्किंग ज़ोन घोषित कर अवैध पार्किंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
आवश्यकता के अनुसार वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए।
भारी मालवाहक वाहनों के लिए शहर के बाहर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाए।
स्कूलों और अस्पतालों के आसपास स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक सिग्नल, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं।
एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और यातायात विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ही आवश्यक सुधारात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर एडवोकेट तबस्सुम के साथ क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित नागरिक, व्यापारी और स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र ठोस कदम उठाकर गंजवाड़ बाजार की ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान करेगा।