Home Breaking News राजुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वारदात से पहले शातिर बदमाश हथियार सहित...

राजुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वारदात से पहले शातिर बदमाश हथियार सहित दबोचा

113

राजुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वारदात से पहले शातिर बदमाश हथियार सहित दबोचा


देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


राजुरा में पुलिस का एक्शन, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम; अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

राजुरा, प्रतिनिधि। राजुरा पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टालते हुए अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी सिंगल बैरल कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को राजुरा पुलिस थाना की अपराध शाखा की टीम अवैध गतिविधियों के खिलाफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामनगर सास्ती के कोलगांव रोड स्थित राम मंदिर परिसर में एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है।

सूचना मिलते ही सहायक पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण लोकरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर में प्लास्टिक की थैली में छिपाकर रखा गया देसी सिंगल बैरल कट्टा और ‘KF-12’ अंकित एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रीराज संग्राम बहुरिया (21 वर्ष) निवासी सरदार पटेल वार्ड, बल्लारशाह, जिला चंद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और अवैध हथियार लेकर संदिग्ध गतिविधियों में घूम रहा था। उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये मूल्य का देसी कट्टा और 500 रुपये का जिंदा कारतूस, कुल 10,500 रुपये का माल जब्त किया है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय आयुध अधिनियम (Arms Act) की धारा 3 एवं 25 के तहत राजुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक नितीन चिंचोलकर के नेतृत्व में अपराध शाखा की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

कानून से खिलवाड़ करने वालों को सख्त संदेश

राजुरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संभावित गंभीर अपराध टल गया और अपराधियों को सख्त संदेश मिला है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here