
श्रीराम मंदिर दान विवाद पर चंद्रपुर में कांग्रेस का सत्याग्रह
सांसद प्रतिभा धानोरकर का हमला—”आस्था के नाम पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं”
चंद्रपुर, प्रतिनिधि। अयोध्या श्रीराम मंदिर में दान राशि और चांदी की कथित अनियमितताओं को लेकर चंद्रपुर का ऐतिहासिक अंचलेश्वर मंदिर परिसर सोमवार को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया। चंद्रपुर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में “रघुपति राघव राजाराम सत्याग्रह” आयोजित किया गया, जिसमें सांसद प्रतिभा धानोरकर ने शामिल होकर पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित करोड़ों रुपये मूल्य की चांदी का कोई स्पष्ट हिसाब उपलब्ध नहीं है। इतना ही नहीं, मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड के साथ कथित छेड़छाड़ कर उन्हें गायब किए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया। कांग्रेस का कहना है कि कई श्रद्धालुओं से नकद दान लिया गया, लेकिन उन्हें अधिकृत रसीद तक नहीं दी गई, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
“आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं”
सत्याग्रह के दौरान सांसद प्रतिभा धानोरकर ने कार्यकर्ताओं के साथ “रघुपति राघव राजाराम” भजन गाया और बाद में पुलिस थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि “भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उनके नाम पर होने वाले हर लेन-देन में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।”
पुलिस को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय पुलिस को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, कथित वित्तीय गड़बड़ियों की जवाबदेही तय करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। आंदोलन के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
आंदोलन में पूर्व विधायक सुभाष धोटे, विधायक अभिजीत वंजारी, विधायक सुधाकर अडबाले, पूर्व जिलाध्यक्ष विनायक बांगे, कांग्रेस नेता विनोद दातात्रे, राजुरा नगराध्यक्ष अरुण धोटे, घुग्घुस नगराध्यक्ष दीप्ति सोनटक्के, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुंदाताई जेणेकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवा राव, तालुका कांग्रेस अध्यक्ष अनिल नरुले, घुग्घुस उपाध्यक्ष राजू रेड्डी, जिला मध्यवर्ती बैंक संचालक दिनेश चोखारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।










