Home Breaking News राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: सड़क पर बिखरी बजरी बनी जानलेवा, ड्यूटी...

राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: सड़क पर बिखरी बजरी बनी जानलेवा, ड्यूटी पर जा रहे युवक की मौत

216

राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: सड़क पर बिखरी बजरी बनी जानलेवा, ड्यूटी पर जा रहे युवक की मौत



भद्रावती/चंद्रपुर। भद्रावती-चंद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर करीब 2 बजे घोडपेठ क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दोपहिया वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर बिखरी बारीक बजरी (चूरी) के कारण वाहन अनियंत्रित होकर फिसल गया, जिसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान अनिल सुधाकर बावने (निवासी शिवाजीनगर, भद्रावती) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी एक्टिवा (MH-34-CS-7875) से भद्रावती से चंद्रपुर ड्यूटी पर जा रहे थे। घोडपेठ के पास सड़क पर फैली बारीक बजरी के कारण उनकी दोपहिया फिसल गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक (RJ-17-CB-3519) ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अनिल बावने ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन दुर्घटना इतनी भीषण थी कि हेलमेट पूरी तरह टूट गया और उनकी जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही भद्रावती पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रारंभिक तौर पर सड़क पर फैली बारीक बजरी को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ट्रक चालक, वाहन और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here