
छत्तीसगढ़ से चोरी का आरोपी गिरफ्तार
3 लाख रुपये की नकदी बरामद
चंद्रपुर स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई, 6 लाख की चोरी के मामले में मिली सफलता
चंद्रपुर। चंद्रपुर पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लाख रुपये की चोरी के मामले में छत्तीसगढ़ से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि शेष राशि की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, डी.एस.के. ग्रीन कॉलोनी, दतला, चंद्रपुर निवासी शिकायतकर्ता राकेश अजवे (44) ने रामनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि बस स्टैंड के समीप पैलेस होटल के पीछे स्थित उनके कार्यालय से अज्ञात चोर ने 6 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर रामनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 331(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय सूचना और जांच के आधार पर पुलिस ने वेलेश कुमार हलबा उर्फ बुवारिया (38) निवासी रेंगाकाथेरा, पोस्ट डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसके बयान के आधार पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 27 जुलाई 2026 को चंद्रपुर बस स्टैंड क्षेत्र स्थित कार्यालय से 6 लाख रुपये की चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार, चोरी की शेष राशि की बरामदगी के लिए जांच जारी है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रामनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकाडे के मार्गदर्शन तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।










