
किसानों के हित में निधि की कभी कमी नहीं होने देंगे : आ. सुधीर मुनगंटीवार
चंद्रपुर कृषि उपज मंडी में 95 लाख रुपये के शेड निर्माण का भूमिपूजन; बाजार समिति के विकास को मिलेगी नई गति
बारिश के पानी से फसलों को नुकसान रोकने नाले के निर्माण के लिए निधि दिलाने शासन स्तर पर करेंगे प्रभावी प्रयास
चंद्रपुर | प्रतिनिधि
चंद्रपुर कृषि उपज बाजार समिति के मुख्य बाजार परिसर में 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गाळों (व्यावसायिक शेड/दुकानों) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधायक सुधीर मुनगंटीवार की प्रमुख उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बाजार समिति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
आ. मुनगंटीवार ने कहा कि चंद्रपुर कृषि उपज बाजार समिति को राज्य की आदर्श और आधुनिक बाजार समितियों में शामिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बाजार समिति के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है।
फसलों को बारिश से बचाने नाले का निर्माण
कार्यक्रम के दौरान बाजार परिसर से सटे क्षेत्र में नाले के निर्माण का मुद्दा भी सामने आया। बारिश के दौरान पानी खेतों में घुसने से किसानों की फसलों को नुकसान होने की आशंका को देखते हुए नाला निर्माण की मांग रखी गई।
इस पर आ. मुनगंटीवार ने संबंधित क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर नाले के निर्माण का विस्तृत अनुमान तैयार करने और आवश्यक निधि उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर पाठपुरावा करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों ने बड़ी मेहनत से फसल तैयार की है। बारिश के पानी के कारण उनकी मेहनत बर्बाद नहीं होनी चाहिए। किसानों की फसल और उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
बाजार समिति के संचालक मंडल की सराहना
आ. मुनगंटीवार ने चंद्रपुर कृषि उपज बाजार समिति के वर्तमान संचालक मंडल के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसान और व्यापारी हित को केंद्र में रखकर बाजार समिति को आधुनिक एवं सक्षम बनाने के लिए संचालक मंडल लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कृषि उपज बाजार समिति केवल खरीद-बिक्री का स्थान नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास और अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसलिए बाजार समिति का विकास सीधे तौर पर किसानों की आर्थिक प्रगति को मजबूत करने वाला कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 1960 में स्थापित और 1968 से कार्यरत चंद्रपुर कृषि उपज बाजार समिति ने वर्षों से किसानों का विश्वास कायम रखा है। राज्य सरकार से सीधे आर्थिक अनुदान नहीं मिलने के बावजूद समिति ने अपनी कार्यप्रणाली के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
किसान-व्यापारी हित में आधुनिक सुविधाओं पर जोर
आ. मुनगंटीवार ने कहा कि चंद्रपुर जिले को हर क्षेत्र में आगे ले जाना लक्ष्य है। कृषि क्षेत्र में भी किसानों को बेहतर बाजार, आधुनिक सुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध होना चाहिए। बाजार समिति को किसान, व्यापारी और ग्राहक हित का सक्षम एवं आधुनिक केंद्र बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक देवराव भोंगळे, सभापति गंगाधर वैद्य, उपसभापति सुनील फरकाडे, संचालक अलकाताई वाढई, सुभाष पिंपळशेंडे, अजय बल्की, अनिल मोरे, सुरेश कुसराम, प्रकाश खडके, चंद्रकांत गुरु, दयानंद बंकुवाले, प्रभाकर सिडाम, किशोरी मत्ते सहित व्यापारी रामकिशोर सारडा, संतोष चिल्लरवार, किसान, व्यापारी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।










