घुग्घूस नगरपरिषद उपाध्यक्ष पद पर राजुरेड्डी की बहुमत से जीत
पूरे जिले की नजरों में रही घुग्घूस की उपाध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
घुग्घूस :
नगरपरिषद के उपाध्यक्ष पद एवं स्वीकृत सदस्य पद के लिए आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को दोपहर 01 बजे चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। बीते कई दिनों से अति-रोमांचक और कड़े मुकाबले के रूप में देखी जा रही इस चुनाव पर पूरे जिले की नजरें टिकी हुई थीं।
उपाध्यक्ष पद के लिए कुल तीन नामांकन दाखिल किए गए थे।
कांग्रेस पार्टी की ओर से शहर अध्यक्ष राजुरेड्डी एवं रोशन पचारे, जबकि भाजपा की ओर से गणेश पिंपळकर ने अपना नामांकन दाखिल किया था।
हालांकि, मतदान से ठीक पहले रोशन पचारे ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली, जिसके बाद मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा हो गया।
चुनाव प्रक्रिया खुले हाथ उठाकर मतदान पद्धति से कराई गई।
इसमें कांग्रेस के उम्मीदवार राजुरेड्डी को कुल 16 मत, जबकि भाजपा उम्मीदवार गणेश पिंपळकर को 07 मत प्राप्त हुए।
इस प्रकार राजुरेड्डी ने स्पष्ट बहुमत के साथ एकतरफा जीत दर्ज की।
इसके साथ ही कांग्रेस की ओर से तौफिक शेख को स्वीकृत सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया, जबकि भाजपा की ओर से ज्येष्ठ नेता निरीक्षण तांड्रा को स्वीकृत सदस्य चुना गया।
चुनाव परिणाम को लेकर आज सुबह से ही शहर में उत्सुकता चरम पर थी।
कांग्रेस की सांसद प्रतिभा धानोरकर और वरिष्ठ नेता सुभाष धोटे सुबह 11 बजे ही घुग्घूस पहुंच चुके थे।
वहीं, पूर्व मंत्री एवं विधायक विजय वड्डेटीवार दोपहर 01 बजे घुग्घूस पहुंचे और विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी।
उन्होंने नगराध्यक्ष दीप्ती सुजीत सोनटक्के के पदग्रहण समारोह में भी शिरकत कर उन्हें आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
विजय वड्डेटीवार की उपस्थिति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और मनोबल देखने को मिला, जो चर्चा का विषय रहा।
पिछले कुछ दिनों से जिला सहीत शहर में चल रही चर्चाओं और बढ़ते राजनीतिक तनाव को ध्यान में रखते हुए, पुलिस अधीक्षक सुदर्शन मुमक्का एवं पुलिस निरीक्षक प्रकाश राऊत के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था।
पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।