Home Breaking News शिवणी जहांगीर में रात के अंधेरे में रेत तस्करी का खुला खेल

शिवणी जहांगीर में रात के अंधेरे में रेत तस्करी का खुला खेल

65

शिवणी जहांगीर में रात के अंधेरे में रेत तस्करी का खुला खेल



प्रशासन मौन, तस्करों के हौसले बुलंद


वणी :
तहसील शिरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के शिवणी जहांगीर गांव में निरगुडा नदी से रात के अंधेरे में रेत तस्करी खुलेआम जारी है। हैरानी की बात यह है कि यह अवैध धंधा किसी चोरी-छिपे नहीं, बल्कि प्रशासन की नाक के नीचे धड़ल्ले से चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार, रेत तस्करी में रोजाना आधे दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों का उपयोग किया जा रहा है। रात होते ही नदी घाट पर ट्रैक्टरों की कतार लग जाती है और बेखौफ तस्कर रेत का अवैध दोहन कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस रेत तस्करी में शिवणी जहांगीर गांव के कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग और ग्राम पंचायत से संबंधित प्रभावशाली व्यक्ति सीधे तौर पर शामिल हैं। इन्हीं रसूखदारों के संरक्षण के चलते तस्करों के सामने पुलिस और महसूल प्रशासन भी नतमस्तक नजर आ रहा है।

अब तक इस अवैध रेत तस्करी से महसूल विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो चुका है। बावजूद इसके, सवाल यह उठता है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर आंखें मूंदे बैठे हैं?

निरगुडा नदी घाट से अब तक सैकड़ों ब्रास रेत की तस्करी हो चुकी है। तस्करों की मनमानी यहीं नहीं रुकी। उन्होंने किसानों की खड़ी फसलों और खेतों के बीच से जबरन जेसीबी मशीन द्वारा रास्ता बनाकर नदी घाट तक पहुंच बनाई है। इससे किसानों की फसल तो नष्ट हो ही रही है, साथ ही उनकी उपजाऊ जमीन भी बर्बाद हो रही है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही इस रेत तस्करी पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

अब सवाल यह है कि
क्या पुलिस प्रशासन और महसूल विभाग इस अवैध रेत तस्करी पर लगाम लगाएगा?
या फिर राजनीतिक संरक्षण में यह लूट यूं ही जारी रहेगी?
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से तत्काल छापेमारी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और निरगुडा नदी घाट की सुरक्षा बढ़ाने की जोरदार मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here