चंद्रपुर |
चंद्रपुर जिले में बिजली के लोहे के पोल और एल्यूमिनियम तार चोरी के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 10 लाख 84 हजार 375 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 से 26 अप्रैल 2026 की रात मौजा सोमनपल्ली से धाबा रोड पर स्थित डीपी पोल क्रमांक 104 को गैस कटर से काटकर लोहे का पोल और एल्यूमिनियम तार चोरी करने की घटना सामने आई थी।
इस मामले में धाबा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
26 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे गश्त के दौरान पुलिस को सोमनपल्ली-धाबा रोड पर एक संदिग्ध सफेद बोलेरो पिकअप (MH 34 CQ 2502) खड़ी मिली। तलाशी लेने पर वाहन से बड़े वायर कटर, गैस कटर उपकरण, बैटरी, रस्सी सहित कई औजार बरामद हुए।
पास ही डीपी पोल पूरी तरह कटा हुआ मिला, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मौके से गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, कटऑफ व्हील, तार, लोहे के पोल के टुकड़े, मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया—
मोहम्मद फिरोज अब्दुल वहाब (45), निवासी चंद्रपुर
जमील करीम शेख (39), निवासी रहमतनगर, चंद्रपुर
इस पूरे मामले में पुलिस ने बोलेरो पिकअप, गैस कटर उपकरण, सिलेंडर, तार, पोल के टुकड़े और मोबाइल सहित कुल 10.84 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा एसडीपीओ राजुरा सुधीर नंदनवार के मार्गदर्शन में धाबा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी सुबोध वंजारी के नेतृत्व में टीम ने की।