बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का जाल बिछाने का संकल्प
विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने किया बड़ा ऐलान, मुल में बनेगा महाराष्ट्र का सबसे बड़ा उपजिला अस्पताल
बल्लारपुर : बल्लारपुर के पूर्व वन, सांस्कृतिक कार्य एवं मत्स्य व्यवसाय मंत्री तथा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत नेटवर्क खड़ा करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य हर नागरिक का मूलभूत अधिकार है और प्रत्येक व्यक्ति को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानपूर्वक उपचार मिलना चाहिए।”
बल्लारपुर ग्रामीण अस्पताल में आयोजित ‘आरोग्य जनसंवाद’ कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलावों का रोडमैप प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शर्मा, महामंत्री मंगेश गुलवाडे, कामगार नेता अजय दुबे, शहर अध्यक्ष रणांजय सिंह, काशी सिंह, निलेश खरबड़े, रेणुकाताई दुधे, जिला शल्य चिकित्सक महादेव चिंचोळे, कार्यकारी अभियंता मुकेश टांगले, मुख्याधिकारी विशाल वाघ, महेंद्र ढोके, लखनसिंह चंदेल, वैद्यकीय अधीक्षक गजानन मेश्राम और तालुका स्वास्थ्य अधिकारी आशा साळवे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में नागरिकों, डॉक्टरों और प्रशासन के साथ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं, सुझावों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक मुनगंटीवार ने कहा कि क्षेत्र में आधुनिक अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे राज्य में बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की सराहना हो रही है।
मुल में बनेगा राज्य का सबसे बड़ा उपजिला अस्पताल
विधायक मुनगंटीवार ने बताया कि मुल में निर्माणाधीन उपजिला अस्पताल महाराष्ट्र के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल होगा। सामान्यतः उपजिला अस्पताल 80 हजार वर्गफुट में बनाए जाते हैं, लेकिन मुल का अस्पताल करीब 1 लाख 50 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य की जनसंख्या को देखते हुए राज्य के नए अस्पताल भी इसी मॉडल पर बनाए जाने चाहिए।
बल्लारपुर ग्रामीण अस्पताल के लिए विशेष योजना
उन्होंने बताया कि शासन के नियमों के अनुसार पांच एकड़ भूमि की आवश्यकता थी, लेकिन भूमि की कमी को देखते हुए ढाई एकड़ में मल्टी-स्टोरेज पद्धति से अस्पताल निर्माण का निर्णय लिया गया। उमरी पोतदार में अस्पताल का निर्माण किया गया है, जबकि कळमना और मानोरा में आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि दुर्गापुर, कळमना और राजोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को केंद्रीय संस्था एनक्यूएएस द्वारा राष्ट्रीय मानांकन प्राप्त हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशालिटी अस्पताल की तैयारी
विधायक मुनगंटीवार ने बताया कि कामगार परिवारों के लिए 100 बेड वाले कर्मचारी बीमा अस्पताल की योजना अंतिम चरण में है। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि इसका उद्घाटन देश के गृहमंत्री अमित शाह के हाथों हो।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन लगाई जाएगी, जिसमें शिर्डी संस्थान का सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही अगले दो वर्षों में चंद्रपुर में डेंटल कॉलेज शुरू करने की भी योजना है, क्योंकि क्षेत्र में मुख कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
बल्लारपुर क्षेत्र में लगभग पांच एकड़ भूमि पर 200 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशालिटी अस्पताल निर्माण की तैयारी भी चल रही है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सिटीस्कैन, सोनोग्राफी, एक्स-रे, डायलिसिस और अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और स्टाफ बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होते हैं तो उन्हें अनुबंध पद्धति से नियुक्त किया जाएगा।
कैंसर और श्वसन रोगों के खिलाफ विशेष अभियान
विधायक मुनगंटीवार ने कहा कि भविष्य में कैंसर, दूषित पानी और श्वसन संबंधी बीमारियां बड़ी चुनौती बन सकती हैं। इसके लिए विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से तंबाकू और खर्रा जैसी घातक लतों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि मुख कैंसर के बढ़ते मामलों को रोकना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कोरोना काल के प्रबंधन का उल्लेख
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर प्रभावी प्रबंधन किया गया था और भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जाएगा।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने पर भी फोकस
बल्लारपुर क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक मुनगंटीवार ने कहा कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक को दुर्घटना नियंत्रण के लिए विशेष उपाय सुझाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में किसी परिवार के सदस्य की मौत पूरे परिवार को झकझोर देती है, इसलिए दुर्घटनाओं पर नियंत्रण बेहद जरूरी है।
‘स्वास्थ्य मेरा अधिकार’ अभियान चलेगा
सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘स्वास्थ्य मेरा अधिकार’ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार जानकारी के अभाव में उपचार से वंचित रह जाते हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
लिए गए प्रमुख निर्णय
बल्लारपुर ग्रामीण अस्पताल के लिए समीक्षा समिति गठित की जाएगी।
प्रमुख पदाधिकारियों की अलग मॉनिटरिंग कमेटी बनाई जाएगी।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्तियां नियमित अथवा अनुबंध आधार पर की जाएंगी।
नर्सिंग एवं अन्य स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी।
15 तारीख के बाद चंद्रपुर नियोजन भवन में स्वास्थ्य विभाग की व्यापक बैठक आयोजित होगी।
स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर की उपस्थिति में मुल डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन प्रस्तावित है।
मुल, पोंभूर्णा, बल्लारपुर और चंद्रपुर सामान्य अस्पतालों की अलग-अलग समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी