बल्लारशाह–अयोध्या रेल सेवा की मांग को दिल्ली में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया
चंद्रपुर : राज्य के पूर्व वन एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा विधायक सुधीर मुनगंटीवार द्वारा बल्लारशाह जंक्शन से अयोध्या तक नई रेल सेवा शुरू करने की मांग को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। नई दिल्ली में हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद इस प्रस्तावित रेल सेवा को लेकर जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
इस रेल सेवा के शुरू होने से श्रीराम भक्तों को अयोध्या जाने के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी और विदर्भ क्षेत्र के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शर्मा, ZRUCC मध्य रेलवे मुंबई के सदस्य अजय दुबे तथा रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
चंद्रपुर का श्रीराम मंदिर से भावनात्मक संबंध
बैठक के दौरान विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने रेल मंत्री को बताया कि चंद्रपुर और बल्लारशाह क्षेत्र में बड़ी संख्या में रामभक्त और उत्तर भारतीय नागरिक निवास करते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राम मंदिर के गर्भगृह निर्माण के लिए चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले के सागवान लकड़ी का चयन किया गया था, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि बल्लारशाह, नागपुर, जबलपुर और प्रयागराज मार्ग से अयोध्या तक नियमित रेल सेवा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को सीधी एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
विधायक मुनगंटीवार की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि यह रेल सेवा विदर्भ, उत्तर भारत और धार्मिक पर्यटन स्थलों के बीच संपर्क मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ताडोबा और विदर्भ को मिलेगा लाभ
संभावित बल्लारशाह–अयोध्या रेल सेवा से ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व सहित विदर्भ क्षेत्र के पर्यटन और व्यापार को भी लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होने के साथ-साथ चंद्रपुर जिले के रेल विकास को भी नई दिशा मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।