11 किलो गांजा समेत 2.22 लाख रुपये का माल जब्त, 3 महिलाएं सहित 5 आरोपी गिरफ्तार
चंद्रपुर : चंद्रपुर जिला पुलिस की स्थानीय गुन्हे शाखा चंद्रपुर ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लाकर बेचने वाले अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 3 महिलाओं सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 किलो गांजा, एक ऑटो और मोबाइल फोन समेत कुल 2 लाख 22 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं ओडिशा से गांजा लेकर बल्लारपुर पहुंची हैं और अपने पुरुष साथियों के साथ ऑटो के जरिए राजुरा क्षेत्र में गांजा बेचने जा रही हैं। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने बल्लारपुर-राजुरा सास्ती मार्ग पर जाल बिछाकर संदिग्ध ऑटो क्रमांक MH-34 BH-1626 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ऑटो में बैठी महिलाओं के बैग से करीब 11 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में बल्लारपुर पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मोहम्मद यूनुस अली उर्फ बादशाह (38), ऑटो चालक, बल्लारपुर
लालचंद गणेश केसकर (65), बल्लारपुर
उमा हामु नुनावत (50), मुलगु, जिला वरंगल, तेलंगाना
ललिता आकाश दामले (24), इटारसी, मध्यप्रदेश
आरती गुलाब परते (28), भोपाल, मध्यप्रदेश
पुलिस जांच में ओडिशा के मुनीगडा क्षेत्र के मुख्य सप्लायर इंद्रजीत पाराससेठ और रामबाबू के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जब्त किया गया माल
11 किलो गांजा
ऑटो रिक्शा (MH-34 BH-1626)
4 मोबाइल फोन
कुल जब्त माल की कीमत लगभग 2,22,000 रुपये
पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा और साइबर पुलिस स्टेशन चंद्रपुर की टीम ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
फिलहाल मामले की आगे की जांच बल्लारपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।