18 जून को होगा मतदान, आचार संहिता का पालन करने की जिलाधिकारी ने की अपील
चंद्रपर :19 मई वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के लिए महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 18 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस चुनाव में तीनों जिलों की स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के कुल 977 निर्वाचित सदस्य अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव को लेकर 18 मई से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
यह जानकारी चंद्रपुर की जिलाधिकारी एवं निर्वाचन निर्णय अधिकारी Vasumana Pant ने जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी संजीव देशमुख तथा निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार भी उपस्थित थे।
चंद्रपुर जिले में सबसे अधिक मतदाता
जिलाधिकारी ने बताया कि तीनों जिलों में सबसे अधिक मतदाता चंद्रपुर जिले में हैं। इसमें चंद्रपुर महानगरपालिका के 66 सदस्य, जिले की 10 नगर परिषदों और 7 नगर पंचायतों के कुल 403 सदस्य शामिल हैं। इस प्रकार चंद्रपुर जिले के कुल 469 सदस्य मतदान करेंगे।
वहीं गडचिरोली जिले की 3 नगर परिषदों और 9 नगर पंचायतों के कुल 244 सदस्य तथा वर्धा जिले की 10 नगर परिषदों के 264 सदस्य मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। तीनों जिलों की जिला परिषदों में फिलहाल सदस्य संख्या शून्य होने की जानकारी भी दी गई।
17 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत तीनों जिलों के प्रत्येक उपविभाग मुख्यालय में मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कुल 17 मतदान केंद्र बनाए जाने की योजना है। जबकि मतगणना की पूरी प्रक्रिया चंद्रपुर जिला स्तर पर संपन्न होगी।
स्वतंत्र चुनाव पर्यवेक्षक होंगे नियुक्त
जिलाधिकारी वसुमना पंत ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से स्वतंत्र चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की अपील की।