जनगणना कार्य का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील
चंद्रपुर, 31 मई। जिले में चल रहे जनगणना अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी वसुमना पंत ने चंद्रपुर तहसील के छोटा नागपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पांच घरों में जाकर जनगणना कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और प्रगणकों द्वारा एकत्रित की जा रही जानकारी की स्वयं जांच की।
वर्ष 2011 के बाद करीब 15 वर्षों के अंतराल पर देशव्यापी जनगणना की जा रही है। जनगणना के पहले चरण में नागरिकों को 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से जनगणना कार्य में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और किसी प्रकार की विशेष कठिनाई नहीं आ रही है।
जिलाधिकारी वसुमना पंत ने नागरिकों से अपील की कि जनगणना के लिए घर पहुंचने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को सही एवं वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना के आंकड़े पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय बन सकें।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में घर, परिवार की भौतिक सुविधाओं और संपत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जा रही है। जिन नागरिकों ने 1 से 15 मई के बीच www.se.census.gov.in पोर्टल पर स्वयं जानकारी दर्ज की है, उन्हें प्राप्त यूनिक आईडी प्रगणक को दिखानी होगी। वहीं, जिन्होंने ऑनलाइन जानकारी नहीं भरी है, उनकी जानकारी प्रगणक डिजिटल उपकरणों के माध्यम से घर-घर जाकर सुरक्षित रूप से दर्ज कर रहे हैं।
जनगणना के इस प्रथम चरण का कार्य 14 जून 2026 को समाप्त होगा। इसके बाद वास्तविक जनसंख्या गणना का दूसरा चरण 1 फरवरी 2027 से शुरू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विजय पवार, प्रगणक कैलास कांबले, पर्यवेक्षक विशाल दुपारे, सरपंच रंजना जुनघरे, उपसरपंच ऋषभ दुपारे, पुलिस पाटिल राजकुमार सागवड़े, ग्रामसेवक तुषार बागुले, तलाठी सीमा नगराले सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।