बल्लारपुर में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी पिस्तौल व 4 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस की विशेष मुहिम में बड़ी सफलता, हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
बल्लारपुर : जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 39 हजार रुपये मूल्य का हथियार और कारतूस जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय अपराध शाखा को 4 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बल्लारपुर शहर के दादाभाई नौरोजी वार्ड क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी सलमान खान मजीद खान पठान (28 वर्ष) को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 एवं 25 के तहत बल्लारपुर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 651/2026 दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हथियार किसने उपलब्ध कराया, इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था तथा इसके पीछे किसी संगठित हथियार तस्करी गिरोह का हाथ तो नहीं है। जांच के लिए आरोपी को बल्लारपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा चंद्रपुर की टीम द्वारा पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक कांक्रेडवार सहित अपराध शाखा के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।










