घुग्घुस स्थित वर्धा नदी घाट में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में डूबे पांचों नाबालिग युवकों के शव आखिरकार बरामद कर लिए गए हैं। एक ही कॉलोनी के पांच युवकों की असमय मौत से पूरा घुग्घुस शहर शोक में डूब गया है। विशेष रूप से इंदिरा नगर क्षेत्र में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी तन्मय नवनाथ पथाडे (18), रोहित बाबाराव बोबडे, सनी अशोक आरपेल्ली, नकुल भास्कर केळझरकर तथा सम्यक देवराव बोबडे सोमवार दोपहर वर्धा नदी घाट पर घूमने गए थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे उनके कपड़े, जूते-चप्पल और मोबाइल फोन मिलने से अनहोनी की आशंका जताई गई, जिसके बाद घुग्घुस पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही घुग्घुस पुलिस और चंद्रपुर से विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा नदी में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे तन्मय नवनाथ पथाडे का शव सबसे पहले बरामद किया गया। इसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे सनी अशोक आरपेल्ली और रोहित बाबाराव बोबडे के शव नदी में अलग-अलग स्थानों पर मिले।
तलाशी अभियान लगातार जारी रखा गया और शाम करीब 3 बजे नकुल भास्कर केळझरकर का शव बरामद हुआ। इसके बाद लगभग 4 बजे सम्यक देवराव बोबडे का शव भी नदी से बाहर निकाला गया। पांचों शव बरामद होने के बाद रेस्क्यू अभियान समाप्त किया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ दिन पहले पांचों मित्रों ने इसी घाट पर एक साथ फोटोशूट कराया था। उनकी हंसती-मुस्कुराती तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जिन्हें देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि साथ हंसने-बोलने वाले ये पांच दोस्त इतनी दर्दनाक घटना का शिकार हो जाएंगे।
घटना ने पूरे घुग्घुस शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक ही कॉलोनी के पांच युवकों की मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। शहरभर में शोक का माहौल है और लोग मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
इस तलाशी अभियान में घुग्घुस पुलिस तथा चंद्रपुर रेस्क्यू टीम के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में पुलिस उपनिरीक्षक अशोक गर्गेलवार, पुलिस हवलदार उमेश बनकर, प्रफुल्ल केमेकर, मनोज हांडे, गिरीश मरापे, पुलिस आरक्षक प्रमोद डोंगरे, सचिन डाखरे, सुमित घडसे सहित अन्य कर्मचारियों ने अथक प्रयास कर पांचों शवों को नदी से बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की।
घटना की जांच घुग्घुस पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं पूरे शहर में मृतक युवकों के प्रति श्रद्धांजलि और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जा रही है।