घुग्घुस में शालोम गॉस्पेल चर्च द्वारा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर आयोजित
घुग्घुस : शुक्रवार 12 जून को शालोम गॉस्पेल चर्च, घुग्घुस में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 500 नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में मरीजों की ईसीजी, एक्स-रे, ब्लड प्रेशर, शुगर (मधुमेह), बीपी तथा नेत्र जांच निःशुल्क की गई। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयों एवं चश्मों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मरीजों को विभिन्न बीमारियों से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
इस स्वास्थ्य शिविर की विशेष बात यह रही कि विभिन्न रोगों के उपचार और जांच के लिए हैदराबाद से अलग-अलग विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को आमंत्रित किया गया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में आए मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह और उपचार प्रदान किया।
शिविर के सफल आयोजन में शालोम गॉस्पेल संस्था के अध्यक्ष प्रभाकर अंडे और उनकी पुरी टीम का विशेष योगदान और अथक परिश्रम रहा। उनके नेतृत्व में पूरे कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन किया गया, जिसके कारण सैकड़ों लोगों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकीं।
उपस्थित नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होते हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस शिविर के माध्यम से नागरिकों को घर के नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से काफी राहत मिली तथा लोगों ने आयोजकों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।