पर्यावरण संरक्षण के नारों से गूंजा म्हातारदेवी गांव
भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ वणी-ताडाली की पहल; विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली, पौधारोपण कर लिया हरित भविष्य का संकल्प
घुग्घुस, 3 सितंबर 2026।
पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जनजागरूकता का संदेश लेकर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ, वणी-ताडाली की ओर से म्हातारदेवी स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, रैली एवं पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम खेजड़ली बलिदान दिवस की स्मृति में आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण की रक्षा के लिए मां अमृता देवी विश्नोई सहित 363 लोगों के ऐतिहासिक बलिदान को याद किया गया।
तख्तियों के साथ गांव में निकली जागरूकता रैली
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की पर्यावरण जागरूकता रैली से हुई। नन्हे विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण के संदेश लिखी तख्तियां तथा संगठन के ध्वज लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति के नारों से म्हातारदेवी का माहौल गूंज उठा।
पौधारोपण कर पर्यावरण रक्षा का लिया संकल्प
रैली के बाद विद्यालय परिसर में संघ के पदाधिकारियों, अतिथियों और विद्यार्थियों ने पौधारोपण किया। उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज और हर व्यक्ति द्वारा कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच संध्याताई पाटील ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय की मुख्याध्यापिका प्रेमाताई दिवसे उपस्थित रहीं। भोंगळे सर ने मंच संचालन किया और प्रमोद वंजारी ने प्रस्तावना रखी।
भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ वणी-ताडाली के क्षेत्रीय अध्यक्ष अनंतकुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण का आधार नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए जीवनदायी मित्र हैं। उन्होंने श्रमिक संगठनों की सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
वणी-ताडाली क्षेत्र के पदाधिकारियों की सहभागिता
कार्यक्रम में वणी क्षेत्र एवं ताडाली मुख्यालय की विभिन्न OCM से संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इनमें किशोर राहागडाले, विनोद ढुमने, पी.एन. वंजारी, तुळशीराम माकोडे, श्रीमान दिवसे, सुभाष तातावार, ब्रीजेश सिंग, गुरुजीत सिंग, प्रशांत नागापुरे, जीवन मत्ते, गणेश पिंपळकर और राजेंद्र पाचभाई सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नीलजई OCM से गणेश खाडे व लक्ष्मण पुरेली, नायगांव OCM से प्रकाश जेकरकर व शंकर विधाते, घुग्घुस OCM से संकेत फुलकर व तुषार वावरकर, मुंगोली OCM से महिंद्र भगत व दिनेश पिंपळकर, कोलगांव OCM से करण शेट्टी व राजेंद्र मड़ावी तथा जीएम कार्यालय ताडाली से कचरू तपासे व शैलेश कापसे सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता दर्ज कराई।
अंत में पवार सर और नवनाथ जेनेकर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को निरंतर आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।










