Home Breaking News 24 घंटे की तलाश के बाद वर्धा नदी से प्रफुल का शव...

24 घंटे की तलाश के बाद वर्धा नदी से प्रफुल का शव बरामद

66

24 घंटे की तलाश के बाद वर्धा नदी से प्रफुल का शव बरामद

वेकोलि पानी टंकी के पास नदी में मिला मृतदेह; घुग्घुस में पसरा मातम, आत्महत्या का कारण अब भी अस्पष्ट

घुग्घुस, 9 सितंबर 2026। वर्धा नदी में युवक के छलांग लगाने के बाद पिछले करीब 24 घंटे से जारी तलाश अभियान का बुधवार शाम दुखद अंत हुआ। प्रफुल अशोक रसाळ, निवासी घुग्घुस, का शव शाम करीब 5 बजे वर्धा नदी के पात्र से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से पूरे घुग्घुस शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

‘थोड़ी देर में आता हूं’ कहकर निकला था घर से

जानकारी के अनुसार, प्रफुल रसाळ 8 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर में वापस आएगा। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान वर्धा नदी किनारे वेकोलि की पानी टंकी के परिसर में उसकी दोपहिया वाहन, चप्पल और मोबाइल फोन मिला। इन वस्तुओं के नदी किनारे मिलने के बाद उसके नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई गई।

रातभर चला खोज अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही घुग्घुस पुलिस, परिवार के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। इसके बाद नदी में खोज अभियान शुरू किया गया। रातभर तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में कई मुश्किलें सामने आईं।

स्थिति को देखते हुए चंद्रपुर से SDRF की टीम को बुलाया गया। बुधवार सुबह से SDRF जवानों ने युद्धस्तर पर नदी में तलाशी अभियान चलाया।

लगातार प्रयास के बाद शाम करीब 5 बजे वेकोलि पानी टंकी के पास नदी के पात्र में प्रफुल का शव मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घुग्घुस में शोक की लहर

प्रफुल रसाळ को स्थानीय स्तर पर शांत स्वभाव और शिक्षित युवक के रूप में जाना जाता था। वह घुग्घुस नगर परिषद के एक पूर्व कर्मचारी का पुत्र था। घटना की जानकारी मिलते ही पालिका से जुड़े लोगों और स्थानीय नागरिकों ने दुख व्यक्त किया।

वर्धा नदी में लगातार हो रहे हादसों से बढ़ी चिंता

वर्धा नदी में कुछ दिन पहले ही पांच युवकों के डूबने की दुखद घटना हुई थी। उस घटना की याद अभी ताजा ही थी कि एक बार फिर युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई।

लगातार हो रही घटनाओं के चलते घुग्घुस के नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। नदी किनारे के संवेदनशील और खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा कठड़े लगाने तथा नागरिकों में जागरूकता अभियान चलाने की मांग उठ रही है।

इस मामले में घुग्घुस पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। युवक ने नदी में छलांग क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की आगे की जांच घुग्घुस पुलिस कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here