Home Breaking News चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 615 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 615 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

70

चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 615 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई



गणेशोत्सव के मद्देनजर 39 अपराधी तड़ीपार, 1,761 संदिग्धों पर मिनी तड़ीपार की कार्रवाई


चंद्रपुर। आगामी गणेशोत्सव और गणेश विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए चंद्रपुर जिला पुलिस ने सराईत अपराधियों और समाजकंटकों के खिलाफ व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई के साथ अब AI CCTV वैन के जरिए तड़ीपार अपराधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे के मार्गदर्शन में जिले के सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारियों, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक तथा सभी पुलिस थानों के थाना प्रभारियों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 126 और 129 के तहत शांति भंग करने की आशंका वाले 615 सराईत अपराधियों के खिलाफ अच्छे आचरण का बंधपत्र लेने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

वहीं, जिले की शांति एवं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा माने गए 39 सराईत अपराधियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जिले से तड़ीपार किया गया है।

इसके अलावा, गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका वाले 1,761 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ BNSS की धारा 163(2) के तहत मिनी तड़ीपार की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने गंभीर और बार-बार अपराध करने वाले अपराधियों पर भी सख्ती दिखाई है। MPDA कानून के तहत 2 कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें कारागार में स्थानबद्ध किया गया है।

चंद्रपुर पुलिस का कहना है कि गणेशोत्सव और विसर्जन मिरवणूक के दौरान नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही AI CCTV वैन के माध्यम से तड़ीपार किए गए अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here