वरोरा में जबरी चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
घर में घुसकर युवती से मारपीट कर बेडरूम में किया बंद, अलमारी से 5 हजार रुपये चोरी
वरोरा, 1 अक्टूबर 2026: वरोरा पुलिस ने जबरी चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रज्वल प्रमोद झिले (19), निवासी टेमुर्डा, तहसील वरोरा, जिला चंद्रपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता ने वरोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, दोपहर करीब 3:15 बजे शिकायतकर्ता की बेटी कॉलेज से घर लौटी। घर का वॉल कंपाउंड गेट बंद था, जबकि घर का दरवाजा खुला हुआ दिखाई दिया। घर के अंदर जाने पर उसे बेडरूम के पास मुंह पर दुपट्टा बांधे करीब 25 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिया।
युवती के चिल्लाने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर खींचा और उसे बेडरूम में धक्का दे दिया। इस दौरान युवती के बाएं हाथ की कोहनी और छोटी उंगली में चोट लगी। आरोपी ने बेडरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।
करीब 3:30 बजे शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी खेत से घर लौटे। घर का दरवाजा खुला देखकर उन्होंने अंदर देखा तो बेडरूम से बेटी की आवाज सुनाई दी। दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद बेडरूम में रखी अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे 5 हजार रुपये नकद गायब मिले।
शिकायत के आधार पर वरोरा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1004/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामला दर्ज होते ही पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश सोनटक्के के आदेश पर जांच दल ने तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी प्रज्वल प्रमोद झिले को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार किए जाने के बाद उसे 1 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे, वरोरा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष बाकल तथा पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश सोनटक्के के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक मनीष तालेवार, पुलिस हवलदार संदीप मुळे, प्रशांत नागोसे, पुलिस अंमलदार विशाल राजुरकर, मनोज ठाकरे, अमोल नवघरे, सौरभ कुलथे, सुखराज यादव और महेश गावतुरे ने भाग लिया।










