चंद्रपुर :
चंद्रपुर जिले में बस यात्रा के दौरान महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं तेजी से सामने आ रही हैं। ताजा मामलों में बल्लारपुर से वरोरा यात्रा के दौरान एक महिला के पर्स से जहां करीब 1 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए, वहीं राजुरा बसस्थानक पर दूसरी महिला से करीब 6 लाख रुपये का कीमती सामान पार कर लिया गया। इन घटनाओं से सार्वजनिक परिवहन और बसस्थानक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पहली घटना बल्लारपुर क्षेत्र की है, जहां 32 वर्षीय प्रणाली भूपेंद्र झिलपे 1 अप्रैल को पारिवारिक कार्यक्रम के लिए वरोरा जा रही थीं। सुबह 10 बजे बल्लारपुर बस स्टॉप से चंद्रपुर पहुंचने के बाद वे अपनी बहन के साथ वणी बस से वरोरा पहुंचीं। रत्नमाला चौक से अपने भाई के साथ घर पहुंचकर जब उन्होंने कार्यक्रम की तैयारी के लिए बैग चेक किया, तो पर्स में रखी गहनों की डिब्बी गायब थी।
चोरी हुए सामान में सोने की पोत, मंगलसूत्र, टॉप्स और अंगूठी शामिल हैं, जिसकी कुल कीमत 1 लाख 1 हजार 856 रुपये बताई जा रही है। महिला ने आशंका जताई है कि यह चोरी यात्रा के दौरान ही हुई। इस मामले में बल्लारपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।
वहीं दूसरी बड़ी घटना राजुरा बसस्थानक पर सामने आई है। स्मिता सुनील मते (42), निवासी भद्रावती, 31 मार्च को अपने मायके नामकरण कार्यक्रम में गई थीं। 1 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे वे राजुरा बसस्थानक से नागपुर मार्ग की बस में सवार हुईं।
भीड़ का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोर ने उनके पर्स की चैन खोलकर अंदर रखी गहनों की थैली पार कर दी। चोरी हुए सामान में सोने की कंठी, अंगूठियां, गोफ, चैन, कान के झुमके और करीब 30 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
इस मामले में राजुरा पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच पुलिस निरीक्षक सुमित परतेकी के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक दीपक ठाकरे द्वारा की जा रही है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि बस यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। जरूरत है कि पुलिस और परिवहन विभाग मिलकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।